पटना के डाकबंगला चौराहे पर विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में तनाव, लोहे का अवरोध लगाकर दुकानों को कराया बंद, भारी बवाल

नवीन छाबड़ा ने आरोप लगाया कि शनिवार देर रात 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे और दुकानों के सामने अवरोध खड़ा कर दिया। रविवार सुबह जब दुकानदारों ने इसे हटाने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष के लोग फिर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

 छाबड़ा स्पोर्ट्स
छाबड़ा स्पोर्ट्स - फोटो : news4nation

Bihar News : राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित डाकबंगला चौराहे के पास एक विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में दुकानों के सामने लगाए गए लोहे के शटर और अन्य अवरोधों को हटाया गया। इसमें पटना के प्रसिद्ध छाबड़ा स्पोर्ट्स की दुकानें भी शामिल हैं जिसके प्रवेश मार्ग को अवरुद्ध किया गया। जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय बढ़ गया जब कुछ लोगों ने चार दुकानों के सामने लोहे के खंभे और शटर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। प्रभावित दुकानों में छाबड़ा स्पोर्ट्स की दो दुकानें, इनसाइड डेकोर और श्याम टी कंपनी शामिल हैं।


दुकानदार पक्ष के प्रतिनिधि नवीन छाबड़ा ने आरोप लगाया कि शनिवार देर रात 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे और दुकानों के सामने अवरोध खड़ा कर दिया। रविवार सुबह जब दुकानदारों ने इसे हटाने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष के लोग फिर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट की गई, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ और कुछ लोगों को चोटें भी आईं। उनके अनुसार दूसरे पक्ष के पास हथियार भी थे और पत्थरबाजी की गई।


वहीं दूसरे पक्ष के मोनू सिन्हा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका दावा है कि संबंधित जमीन वर्ष 2022 में उनकी पत्नी के नाम से खरीदी गई थी और उसके सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि चारों दुकानदार कई वर्षों से बिना किराया दिए जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।


घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रशासन की निगरानी में लगाए गए अवरोध हटाए गए और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों, उपलब्ध दस्तावेजों और शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।