गर्मियों में नहीं कटेगी बिजली! ऊर्जा सचिव का सख्त निर्देश- '24 घंटे निर्बाध सप्लाई के लिए अभी पूरा करें मेंटेनेंस

बिहार के ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने गर्मियों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने ट्रांसफार्मर और फीडरों के समयबद्ध रखरखाव और सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग के निर्देश दिए हैं।

Patna -  बिहार में गर्मियों के दौरान उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग सक्रिय हो गया है। गुरुवार को ऊर्जा विभाग के सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में साउथ बिहार और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के संचालन एवं रखरखाव (O&M) कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

ट्रांसफार्मर और फीडरों के रखरखाव पर जोर

ऊर्जा सचिव ने दोनों डिस्कॉम कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मियों का पीक सीजन शुरू होने से पहले सभी ट्रांसफार्मरों, फीडरों और ग्रिड उपकेंद्रों के रखरखाव का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने हॉट-लाइन मेंटेनेंस की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि तकनीकी खराबी के कारण बिजली कटौती कम से कम होनी चाहिए। उन्होंने दोषपूर्ण लाइनों के त्वरित निवारण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं

बैठक के दौरान उपकरणों के रखरखाव के साथ-साथ कर्मियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। श्री मनोज कुमार सिंह ने जोर देकर कहा कि बिजली लाइनों और उपकरणों पर कार्य करते समय सुरक्षा के मानक उपकरणों (PPE Kit) का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शीर्ष अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस समीक्षा बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे मेंटेनेंस कार्यों और आगामी चुनौतियों से सचिव को अवगत कराया।