Bihar EOU Raid: बिहार में सुबह सुबह EOU की रेड, दो बड़े अधिकारियों के पटना सहित 12 ठिकानों पर छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति का मामला
Bihar EOU Raid: बिहार में सुबह सुबह ईओयू की रेड जारी है। राज्य के दो बड़े अधिकारियों के पटना सहित 12 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई हो रही है।
Bihar EOU Raid: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामलों में दो लोक सेवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सत्यापन के बाद दोनों अधिकारियों पर केस दर्ज करते हुए राज्य के अलग-अलग जिलों में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई ने 29 मार्च 2026 को दो अलग-अलग कांड दर्ज किए हैं। इनके तहत बीएनएस 2023 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की जा रही है।
किशनगंज के एसडीपीओ के ठिकानों पर रेड
कांड संख्या-03/26 में गौतम कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), किशनगंज के खिलाफ जांच में करीब 1.94 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रथम दृष्टया प्रमाण मिला है। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 60.27% अधिक बताया गया है। मंगलवार सुबह पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित उनके कुल 6 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई है।
डीआरडीए निदेशक पर भी शिकंजा
दूसरे मामले (कांड संख्या-04/26) में वैभव कुमार, निदेशक, DRDA सहरसा के खिलाफ करीब 2.41 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 78.03% अधिक है। उनके सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित 6 ठिकानों पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में छापेमारी
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई ने बताया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट