Bihar government jobs: बिहार में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका, सम्राट सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी, पुलिस में हजारों पदों पर भर्ती की तैयारी

Bihar government jobs: बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में 20,937 पदों पर भर्ती और प्रमोशन का फैसला लिया है। जल्द शुरू होगी SI और सिपाही भर्ती प्रक्रिया।

बिहार पुलिस भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट- फोटो : social media

Bihar government jobs: बिहार में पुलिस भर्ती को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नियुक्ति और प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब कुल 20,937 पदों को भरा जाएगा। इनमें 10,468 पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि 10,469 पद विभागीय प्रमोशन के जरिए भरे जाएंगे।

सरकार के इस फैसले से एक तरफ नए अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का मौका मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ पुलिस विभाग में पहले से काम कर रहे कर्मियों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा। लंबे समय से पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की मांग की जा रही थी। सरकार का कहना है कि इससे पुलिस बल मजबूत होगा और राज्य में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

पुलिस विभाग में बंपर बहाली

बिहार सरकार ने पुलिस विभाग को मजबूत करने के लिए कुल 48,447 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक यानी SI के 20,937 पद शामिल हैं। इन पदों में आधे पद सीधी भर्ती से और आधे पद विभागीय प्रोन्नति से भरे जाएंगे। इस प्रस्ताव को बिहार मंत्रिपरिषद की मंजूरी भी मिल चुकी है। इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम यानी ERSS परियोजना के दूसरे चरण के तहत भी 19,288 पदों के सृजन की मंजूरी दी गई है। इन पदों में पुलिस निरीक्षक, सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हवलदार और सिपाही के पद शामिल हैं।

ERSS परियोजना के तहत नौकरी

ERSS परियोजना के तहत 259 पुलिस निरीक्षक, 1829 पुलिस अवर निरीक्षक, 1218 सहायक अवर निरीक्षक, 694 चालक हवलदार, 2353 चालक सिपाही, 2943 हवलदार और 9992 सिपाही के पद बनाए गए हैं। कुल मिलाकर 19,288 पदों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा बढ़ती आबादी और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए 48,447 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है। इनमें 20,937 पुलिस अवर निरीक्षक और समकक्ष पद, 22,010 सिपाही और समकक्ष पद तथा 5,500 चालक सिपाही और समकक्ष पद शामिल हैं।

SI पदों को लेकर अहम फैसला

सबसे अहम फैसला SI पदों को लेकर लिया गया है। बिहार पुलिस नियमों के अनुसार SI के कुल रिक्त पदों में 50 प्रतिशत पद प्रमोशन से भरे जाते हैं। इसी नियम के तहत अब 20,937 SI पदों को दो हिस्सों में बांटा गया है। 10,468 पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि 10,469 पद विभागीय प्रमोशन से भरे जाएंगे। इस फैसले से बिहार में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं में खुशी का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही भर्ती से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन और परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी और आम लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।