IAS Transfer : यूपीएससी टॉपर को सम्राट चौधरी ने दी बड़ी जिम्मेदारी, शुभम कुमार का नालंदा से पटना किया ट्रांसफर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यूपीएससी टॉपर (2020) शुभम कुमार को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पटना का DDC बनाया है. साथ ही उन्हें एक अन्य विभाग का जिम्मा भी मिला है.

UPSC topper Shubham Kumar
UPSC topper Shubham Kumar - फोटो : news4nation

UPSC Topper : यूपीएससी परीक्षा के टॉपर रहे शुभम कुमार को बिहार सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने उन्हें पटना का उप विकास आयुक्त यानी डीडीसी सह जिला परिषद का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को एक साथ कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है इसमें अपर मुख्य सचिव, सचिव और प्रमंडलीय आयुक्त जैसे पदों के अधिकारी भी शामिल हैं। इसी में शुभम कुमार का नाम शामिल है। यह दूसरा मौका है जब शुभम कुमार का पटना में पदस्थापन हुआ है। इससे पहले वे पटना के बाढ़ में अनुमंडल पदाधिकारी यानी SDO रह चुके हैं। 


सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शुभम कुमार को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, नालंदा के पद से स्थानांतरित करते हुए पटना जिला परिषद में इसी पद पर तैनात किया गया है। यह आदेश बिहार के राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है। शुभम कुमार बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं और उन्होंने वर्ष 2020 की संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहचान बनाई थी। अपनी सफलता के बाद वे प्रशासनिक सेवा में आए और अब तक विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। 


इन अधिकारियों का तबादला 

जारी आदेश के मुताबिक, अपर मुख्य सचिव गन्ना उद्योग विभाग सेंथिल कुमार को स्थानांतरित कर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह मीना को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त के साथ-साथ भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं राजेश कुमार को कोसी प्रमंडल, सहरसा के आयुक्त पद से हटाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।



इसी तरह पंकज कुमार पाल को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से स्थानांतरित कर पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं अभय कुमार सिंह को सूचना प्रावैद्यिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं धर्मेद्र सिंह  को सहकारिता विभाग का सचिव नियुक्त किया है, जबकि दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है। चुनाव विभाग में तैनात विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग और खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


कई जिलों के आयुक्त बदले

भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भूतत्व विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। ग्रामीण विकास विभाग में भी बदलाव किए गए हैं। हिमांशु शर्मा को विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है।


सीएम सचिवालय में बने संयुक्त सचिव

इसके अलावा पटना जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी रहे श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। भोजपुर जिला परिषद की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी गुंजन सिंह को भी मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनाती दी गई है। बिहार सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास योजनाओं, विभागीय कार्यों में तेजी और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है