Bihar Bypoll : बिहार सरकार ने 30 जुलाई को सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश किया घोषित, हाईकोर्ट, सचिवालय और बैंक रहेंगे बंद

Bihar Bypoll : बिहार सरकार ने मतदान के दिन 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा में सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.....पढ़िए आगे

सार्वजनिक अवकाश की घोषणा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 182-बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले आगामी उप-चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को मतदान होना तय हुआ है। निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ने यह कदम उठाया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-135 'ख' के तहत मतदान के दिन 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक सीमा में सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश बांकीपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, वित्तीय संस्थानों और निजी प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा।

बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र के दायरे में आने वाले राज्य के कई अति-महत्वपूर्ण संस्थान और प्रशासनिक कार्यालय शामिल हैं, जहाँ 30 जुलाई को पूरी तरह से छुट्टी रहेगी। इनमें पटना हाईकोर्ट, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), मुख्य सचिवालय, विकास भवन, विश्वेश्वरैया भवन, अरण्य भवन, सिंचाई भवन, विद्युत भवन, आयकर आयुक्त कार्यालय और केंद्रीय उत्पाद शुल्क कार्यालय प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा में स्थित सभी सरकारी व निजी बैंक, शिक्षण संस्थान, बोर्ड एवं निगम के कार्यालय तथा वाणिज्यिक व व्यापारिक प्रतिष्ठान मतदान के दिन बंद रहेंगे। सवैतनिक अवकाश होने के कारण इन संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों के वेतन में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी, ताकि वे बिना किसी आर्थिक नुकसान के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। अधिसूचना में सरकार ने यह भी पूरी तरह स्पष्ट किया है कि यह विशेष सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश केवल और केवल 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए ही प्रभावी रहेगा। पटना जिले के अन्य क्षेत्रों और राज्य के शेष सभी जिलों में उस दिन सामान्य कार्य दिवस रहेगा तथा सभी दफ्तर व संस्थान सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे।