Bihar HC vacancy: 5 साल से खाली पद पर पटना हाईकोर्ट सख्त, 2 दिसंबर को मुख्य सचिव को तलब किया

Bihar HC vacancy: बिहार में पांच साल से लोकायुक्त और सदस्य के पद खाली रहने पर पटना हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। मुख्य सचिव को 2 दिसंबर को मूल संचिका के साथ पेश होने का आदेश दिया।

Bihar HC vacancy: बिहार में लोकायुक्त और लोकायुक्त सदस्य के पद लंबे समय से खाली रहने पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। नियुक्ति प्रक्रिया में असामान्य देरी पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने मुख्य सचिव को 2 दिसंबर को मूल संचिका के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। अदालत ने पिछले पांच वर्षों में नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए सभी कदमों का तारीखवार ब्योरा और संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं।


न्यायमूर्ति अंशुल की एकलपीठ ने दो अलग-अलग मामलों की एक साथ सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसे नियुक्ति प्रक्रिया में हुई देरी और सरकार की ओर से की गई कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड देखना है।


2021 और 2022 से खाली हैं दोनों पद


सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि बिहार में लोकायुक्त सदस्य का पद 17 मई 2021 से और लोकायुक्त का पद 13 फरवरी 2022 से रिक्त है। बिहार लोकायुक्त अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के अनुसार नियुक्ति की प्रक्रिया चार महीने में पूरी होनी चाहिए। इसके बावजूद दोनों पदों पर नियुक्ति लंबित है। कोर्ट ने नियुक्ति प्रक्रिया में हुई देरी को गंभीरता से लेते हुए सरकार से पूछा कि इतने लंबे समय तक पद खाली रहने के दौरान क्या-क्या कदम उठाए गए।


25 महीने बाद गठित हुई सर्च कमेटी


अदालत के समक्ष रखे गए तथ्यों के अनुसार, लोकायुक्त सदस्य का पद रिक्त होने के करीब 25 महीने बाद 21 जून 2023 को सर्च कमेटी का गठन किया गया था। इसके अलावा 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच सरकार की ओर से की गई कार्रवाई का स्पष्ट दस्तावेज भी कोर्ट के सामने प्रस्तुत नहीं किया गया। बिहार लोकायुक्त अधिनियम की धारा 4(7)(एफ) और 4(8) का उल्लेख करते हुए कोर्ट ने कहा कि सर्च कमेटी के लिए तीन महीने और सेलेक्शन कमेटी के लिए एक महीने की समय-सीमा निर्धारित है। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया का वर्षों तक लंबित रहना कई सवाल खड़े करता है।


मुख्य सचिव के शपथ पत्र पर कोर्ट असंतुष्ट


मुख्य सचिव की ओर से 3 अगस्त को दाखिल शपथ पत्र पर भी कोर्ट ने असंतोष जताया। अदालत के अनुसार, शपथ पत्र में पदों के रिक्त होने की वास्तविक तारीखों का उल्लेख तक नहीं किया गया था। कोर्ट ने जवाब को टालमटोल वाला बताते हुए विस्तृत जानकारी मांगी। मुख्य सचिव को पूरक शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। इसमें 17 मई 2021 से 21 जून 2023 और 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच उठाए गए प्रत्येक कदम का तारीखवार विवरण और उससे जुड़े दस्तावेज देने होंगे।


पेंशन में कटौती से जुड़े मामले की हो रही सुनवाई


पटना हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके सामने विचाराधीन मामला लोकायुक्त की नियुक्ति कराने की मांग से संबंधित याचिका नहीं है। मामला एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पेंशन में लोकायुक्त के आदेश से की गई कटौती से जुड़ा है।


अदालत ने कहा कि मामले में मूल संचिका को मुख्य सचिव के साथ बैठकर देखना और समझना जरूरी है। इसी वजह से उन्हें 2 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभव नहीं होगी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी। उस दिन मुख्य सचिव को मूल संचिका और मांगे गए दस्तावेजों के साथ अदालत में उपस्थित होना है।