Nitin nabin: पटना के श्रीकृष्ण नगर स्थित नए घर में नितिन नवीन का गृह प्रवेश, सम्राट चौधरी समेत कई नेता पहुंचे
Nitin nabin: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के श्रीकृष्ण नगर स्थित नए निजी आवास में गृह प्रवेश किया। समारोह में सम्राट चौधरी, राज्यपाल और कई नेता शामिल हुए।
Nitin nabin: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के श्रीकृष्ण नगर स्थित अपने नए निजी आवास में गृह प्रवेश किया। बुधवार को आयोजित समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल सैयद अता हसनैन और केंद्रीय मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सुबह से ही उनके नए घर पर नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश की रस्में पूरी की गईं।
टेलर रोड के सरकारी आवास से नए घर में हुए शिफ्ट
नितिन नवीन इससे पहले पटना के टेलर रोड स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। अब वह श्रीकृष्ण नगर की रोड नंबर 22 पर बने अपने निजी मकान में रहने लगे हैं। बताया जाता है कि यह मकान करीब डेढ़ कट्ठा जमीन पर बनाया गया है। परिवार की पुरानी जमीन पर बने इस घर में प्रवेश करना नितिन नवीन और उनके परिवार के लिए खास अवसर रहा। गृह प्रवेश के दौरान परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के बीच उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
सम्राट चौधरी और राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
नितिन नवीन को नए आवास की बधाई देने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने भी समारोह में शिरकत की। दोनों ने नितिन नवीन को नए घर में प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को नए आवास की बधाई दी।
ललन सिंह, संजय झा और रविशंकर प्रसाद भी पहुंचे
गृह प्रवेश समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा शामिल हुए। इनके अलावा सांसद राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद और विवेक ठाकुर भी नितिन नवीन को शुभकामनाएं देने पहुंचे। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन समेत कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया। वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के कारण नितिन नवीन का आवास राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा।
ललन सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा कीं तस्वीरें
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नितिन नवीन के गृह प्रवेश समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने नितिन नवीन और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ललन सिंह ने अपने पोस्ट में बताया कि इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) से भी शिष्टाचार भेंट हुई। उन्होंने नितिन नवीन के नए आवास के सुख, शांति और समृद्धि से भरे रहने की कामना की।