Anant Singh Daughter Wedding: शिवांगी की शादी में उमड़ी भीड़, 10 किलोमीटर लंबा जाम; VIP मेहमान भी फंसे

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में नदवां में हजारों लोग पहुंचे। बाढ़ के पास 10 किमी जाम, मोबाइल नेटवर्क प्रभावित और कई VIP मेहमान फंसे।

Anant Singh Daughter Wedding

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बुधवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूल्हा ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंच चुके हैं। शादी में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से हजारों लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ का असर अब इलाके की यातायात और संचार व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।


बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई VIP मेहमान भी जाम में फंसे हुए हैं। वहीं, समारोह स्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित होने की खबर है।


10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार, VIP मेहमान भी जाम में फंसे


शिवांगी की शादी में उमड़ी भीड़ के कारण नदवां और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लगने की जानकारी सामने आई है। बारात में शामिल वाहनों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। शादी में शामिल होने के लिए कई बड़े नेता और मंत्री भी पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई VIP मेहमानों के जाम में फंसे होने की खबर है।


मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी प्रभावित


शादी समारोह में हजारों लोगों की मौजूदगी का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी पड़ रहा है। इलाके में नेटवर्क कमजोर होने और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। लोगों को फोन करने और बातचीत करने में परेशानी हो रही है। समारोह स्थल पर भीड़ को संभालना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग जयमाला के मंच तक पहुंच गए हैं। वहीं, कुछ लोग नीचे बिछी दरी पर ही सो गए, जिन्हें वहां से हटने के लिए लगातार कहा जा रहा है।


हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे अनंत सिंह


अनंत सिंह की बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे। इसके लिए दो हाथी मंगाए गए हैं। शादी समारोह के लिए 25 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। VIP मेहमानों के लिए अलग पंडाल बनाया गया है। यहां खाने-पीने के लिए 30 स्टॉल लगाए गए हैं। अनंत सिंह के दावे के मुताबिक, शादी में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं और करीब 500 हलवाई व कारीगर खाना तथा मिठाइयां बनाने में जुटे हैं।


ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई बड़े चेहरे पहुंचे


शादी समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी अनंत सिंह की बेटी को आशीर्वाद देने पहुंचे हैं। जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी अनंत सिंह के घर पहुंचे हैं। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी समारोह में शामिल होकर अनंत सिंह को बेटी की शादी की शुभकामनाएं दीं। हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों के लिए तीन हेलीपैड भी बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों और VIP मेहमानों के पहुंचने के कारण शादी समारोह के साथ-साथ आसपास के इलाके में भी हलचल बनी हुई है।