Bihar public holiday:बिहुला विषहरी पर घोषित हो सकती है राज्यस्तरीय सार्वजनिक छुट्टी, 3 प्रमंडलों ने भेजा प्रस्ताव

Bihar public holiday: बिहार सरकार अंग क्षेत्र के प्रमुख लोक पर्व बिहुला विषहरी (मनसा पूजा) पर एक दिन का राज्यस्तरीय सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की तैयारी कर रही है।

बिहुला विषहरी पर घोषित हो सकती है सार्वजनिक छुट्टी- फोटो : social Media

Bihar public holiday: राज्य के तीन प्रमंडलों से इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग को आधिकारिक प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल मुख्यालय स्तर पर इस पर विचार किया जा रहा है। यदि इसे मंजूरी मिलती है, तो पूरे बिहार में इस पर्व पर आधिकारिक छुट्टी रहेगी।

तीन प्रमंडलों से भेजा गया प्रस्ताव

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों से स्थानीय पर्व-त्योहारों से संबंधित रिपोर्ट मांगी थी। इसके जवाब में भागलपुर, मुंगेर और पूर्णिया प्रमंडल ने बिहुला विषहरी के महत्व और स्थानीय आयोजनों का ब्योरा देते हुए राज्य स्तर पर सार्वजनिक अवकाश का प्रस्ताव भेजा है।

2027 के सरकारी कैलेंडर से लागू होने की संभावना

इस वर्ष मनसा पूजा पर पूरे राज्य में छुट्टी नहीं रहेगी। यदि सरकार द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जाती है, तो इसे अगले साल यानी 2027 के आधिकारिक कैलेंडर में शामिल किए जाने की संभावना है। वर्तमान व्यवस्था के तहत भागलपुर प्रमंडल में विसर्जन के दिन प्रमंडलीय आयुक्त स्तर से स्थानीय छुट्टी घोषित की जाती है। इस बार भी भागलपुर में 19 अगस्त को विसर्जन के दिन एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

अंगिका संस्कृति और लोक कला को मिलेगा सम्मान

बिहुला विषहरी पर्व मुख्य रूप से अंग क्षेत्र का सबसे बड़ा लोक पर्व माना जाता है। इस नए प्रस्ताव के स्वीकृत होने से न केवल अंगिका संस्कृति को राजकीय सम्मान मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की लोक कला और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सकेगा।