Pramod Kumar Chandravanshi: शंख बजाकर संभाली कुर्सी, बालू माफियाओं के खिलाफ 'युद्ध' का ऐलान

Bihar Mining Minister Warning: खनन मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने अवैध खनन करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि माफिया सावधान हो जाएं, अब न पैसा चलेगा और न पैरवी, सीधे जेल होगी।

शंख बजाकर मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने संभाला पदभार- फोटो : news 4 nation

बिहार सरकार के नवनियुक्त खनन एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने एक बेहद अनूठे और आध्यात्मिक अंदाज में अपने कार्यकाल की शुरुआत की। सचिवालय स्थित कार्यालय पहुँचकर उन्होंने स्वयं शंख बजाकर पदभार ग्रहण किया। मंत्री के इस शंखनाद को विभाग में शुचिता और नई ऊर्जा के संचार के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं और संकेत दिया कि अब विभाग में काम करने का तरीका पूरी तरह बदलने वाला है।


बालू माफियाओं के खिलाफ 'युद्ध' का ऐलान

कुर्सी संभालते ही प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने राज्य के बालू माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में अवैध खनन करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार की खनिज संपदा को लूटने वालों के दिन अब लद चुके हैं। मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि अवैध खनन में शामिल लोग अब सावधान हो जाएं, क्योंकि सरकार उनके सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

"न पैसा काम आएगा, न पैरवी"

मंत्री प्रमोद कुमार ने भ्रष्टाचार और रसूख के दम पर अवैध कारोबार करने वालों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, "अब न तो माफियाओं का पैसा काम आएगा और न ही किसी बड़े नेता या अधिकारी की पैरवी।" उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि जो लोग नियम तोड़ेंगे, उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस बयान से उन्होंने यह सुनिश्चित कर दिया है कि विभाग में अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर मिलीभगत बर्दाश्त नहीं होगी।


अवैध खनन करने वालों का ठिकाना होगी जेल

अवैध खनन पर लगाम लगाने के अपने इरादे को और पुख्ता करते हुए मंत्री ने कहा कि माफियाओं के खिलाफ सिर्फ जुर्माना ही नहीं लगाया जाएगा, बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध घाटों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मंत्री के इस तेवर ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में अब बालू के अवैध खेल को रोकने के लिए सरकार बड़े प्रशासनिक और कानूनी कदम उठाने जा रही है।