पटना में सनसनी: मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी FSL की टीम
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेश्वर गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ एक मजदूर, जिसकी पहचान शिव साव के रूप में हुई है, की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेश्वर गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ एक मजदूर, जिसकी पहचान शिव साव के रूप में हुई है, की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
जांच में जुटी FSL की टीम और पुलिस
हत्या की गंभीरता को देखते हुए बिहटा पुलिस के साथ-साथ FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम भी मौके पर पहुंची है। FSL की टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है, ताकि हत्यारों तक पहुँचा जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि मौत बेरहमी से पिटाई के कारण हुई है।

पुलिस का आश्वासन: जल्द होगा मामले का खुलासा
घटना की पुष्टि करते हुए बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी चल रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस हत्याकांड का उद्भेदन कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
गांव में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मजदूर शिव साव की हत्या के बाद कटेश्वर गांव के निवासियों में गहरा रोष और असुरक्षा का भाव है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदात क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।