भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव: प्रशांत किशोर की जन सुराज ने मारी एंट्री, JDU की खाली सीट पर उतारेंगे उम्मीदवार

भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय कोटे की विधान परिषद सीट पर 12 मई को उपचुनाव होगा। प्रशांत किशोर की जन सुराज ने इस सीट पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर हलचल बढ़ा दी है।

Patna - : बिहार की राजनीति में एक बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद की एक खाली सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा के साथ ही प्रशांत किशोर (PK) की पार्टी 'जन सुराज' ने भी चुनावी मैदान में उतरने का एलान कर दिया है। यह उपचुनाव भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय कोटे की सीट पर होने जा रहा है, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले क्षेत्र का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है。

राधाचरण साह के विधायक बनने से खाली हुई है सीट 

भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय कोटे से विधान पार्षद (MLC) रहे राधाचरण साह के हाल ही में विधायक चुने जाने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। गौरतलब है कि राधाचरण साह का कार्यकाल अप्रैल 2028 तक प्रस्तावित था, लेकिन उनके विधानसभा जाने के बाद अब इस शेष अवधि के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। जदूय (JDU) की इस पारंपरिक सीट पर अब जन सुराज के उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।

चुनाव कार्यक्रम: 12 मई को होगा मतदान 

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस उपचुनाव की प्रक्रिया अप्रैल माह से ही शुरू हो जाएगी:

  • अधिसूचना: 16 अप्रैल को चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।

  • नामांकन: इच्छुक उम्मीदवार 23 अप्रैल तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

  • मतदान: 12 मई को स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

  • परिणाम: 14 मई को मतों की गणना होगी और चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Report - narrottam kumar