Patna MLC Election : नीरज कुमार की जीत होगी लैंडस्लाइड विक्ट्री, पूर्व सांसद अरुण कुमार का दावा - निशांत ने कर दिया कमाल

अरुण कुमार ने कहा नालंदा स्वास्थ्य मंत्री निशांत का गृह क्षेत्र है। राजनीति में सक्रिय होने के बाद पहली बार लिए नालंदा पहुंचे निशांत को जिस तरह का समर्थन मिला, उससे साफ है कि जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की ऐतिहासिक जीत होगी

Bihar MLC Election - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत को लेकर पूर्व सांसद अरुण कुमार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि नीरज कुमार की जीत लैंडस्लाइड विक्ट्री यानी बड़े अंतर से जीत होगी। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में एनडीए के दर्जनों नेताओं ने नवादा और नालंदा में नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। दोनों जगहों पर मिले जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं के उत्साह को अरुण कुमार ने जदयू की मजबूत स्थिति का संकेत बताया।


पूर्व सांसद अरुण कुमार ने कहा कि नालंदा में ऐतिहासिक बैठक हुई, जबकि नवादा में भी लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि नालंदा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का गृह क्षेत्र है। राजनीति में सक्रिय होने के बाद पहली बार चुनाव प्रचार के लिए नालंदा पहुंचे निशांत कुमार को जिस तरह का समर्थन मिला, उससे साफ है कि एमएलसी चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के सामने कोई टिकने वाला नहीं है।


अनंत सिंह पर कार्रवाई पर बोले 

मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन देने के सवाल पर अरुण कुमार ने कहा कि यह उनका विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई अन्य नेता हैं, जो इस मामले पर फैसला लेंगे। गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नीरज कुमार के सामने जनसुराज के अनुज सिंह की दावेदारी से मुकाबला राजनीतिक रूप से चर्चा में है।


भाजपा कार्यालय में ललन सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर क्या कहा 

केंद्रीय मंत्री और जदयू सांसद ललन सिंह के भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण कुमार ने इसे सामान्य बात बताया। उन्होंने कहा, “यह कौन सी बड़ी बात है? हम सब एनडीए के नेता हैं।” उन्होंने कहा कि ललन सिंह जदयू के नेता और सांसद हैं, लेकिन सभी एनडीए का हिस्सा हैं। ऐसे में भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर सवाल उठाने का कोई कारण नहीं है।


प्रचार सूची में ललन सिंह क्यों गायब

जदयू की एमएलसी चुनाव प्रचार सूची में ललन सिंह का नाम नहीं होने के सवाल पर भी अरुण कुमार ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि प्रचार सूची में संजय झा का नाम भी शामिल नहीं है, लेकिन वह तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में ललन सिंह का नाम सूची में नहीं होना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जदयू के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी प्रचार सूची में शामिल नहीं हैं।

रंजन की रिपोर्ट