तेजस्वी यादव पर खूब बरसे पप्पू यादव, चिराग पासवान को बड़ी नसीहत, बिहार के लोगों के लिए राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
राघोपुर में नाव डूबने से बच्चों की मौत के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष हर आपदा के दौरान गायब रहते हैं।
Bihar News : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बाढ़ पीड़ितों को राहत और मुआवजा देने सहित कई मुद्दों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। बुधवार को लोक भवन पहुंचे पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं, बेल्ट्रॉन डाटा एंट्री कर्मियों, कुशल युवा कार्यक्रम (KYP), पटना विश्वविद्यालय में नियुक्ति और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान देने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी तीखा हमला बोला।
'हर आपदा में गायब रहते हैं तेजस्वी यादव'
राघोपुर में नाव डूबने से बच्चों की मौत के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष हर आपदा के दौरान गायब रहते हैं। कोरोना महामारी और बिहार में आई बाढ़ के समय भी उनकी सक्रियता नजर नहीं आई। पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि नेता प्रतिपक्ष आखिर बिहार में कब रहते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता केवल चुनाव के समय ही दिखाई देते हैं, जबकि संकट के समय जनता के बीच उनकी मौजूदगी नहीं दिखती।
बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष राहत और मुआवजे की मांग
सांसद ने राज्यपाल से बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विशेष राहत व्यवस्था करने और उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बेल्ट्रॉन डाटा एंट्री कर्मियों की समस्याओं, KYP से जुड़े मुद्दों, पटना विश्वविद्यालय में नियुक्ति और महिलाओं की सुरक्षा का मामला भी उठाया।
MLC चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष पर निशाना
पप्पू यादव ने बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भी सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर आपदा प्रभावित लोग परेशान हैं, वहीं सत्ता पक्ष के नेता चुनावी गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्होंने उम्मीदवारों के जरिए वोटरों को फोन करवाने का मुद्दा भी उठाया।
चिराग पासवान को नसीहत
सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आपको लग रहा है कि आपकी सरकार काम नहीं कर रही है, तो हमारे साथ आइए।” पप्पू यादव के इन बयानों से बिहार की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। उन्होंने एक ओर सरकार और सत्ता पक्ष को जनसमस्याओं पर घेरा, तो दूसरी ओर तेजस्वी यादव की भूमिका पर सवाल उठाकर विपक्ष को भी निशाने पर लिया।