Bihar NDA Government: बिहार में NDA सरकार के एक साल में कितनी बदली राज्य की तस्वीर? 2.25 लाख करोड़ के निवेश का दावा, 1,091 उद्योग प्रस्तावों से बदलेगी सूबे की तकदीर या सिर्फ कागजों पर दौड़ेगा विकास?पढ़िए

Bihar NDA Government: बिहार में सत्ता की कमान बदली तो विकास का एजेंडा भी नए सिरे से आगे बढ़ा। एनडीए सरकार के एक साल के कामकाज पर नजर डालें तो दो मोर्चों पर सबसे ज्यादा जोर दिखाई देता है।...

एक साल में कितनी बदली बिहार की तस्वीर?- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar NDA Government: बिहार में सत्ता की कमान बदली तो विकास का एजेंडा भी नए सिरे से आगे बढ़ा। एनडीए सरकार के एक साल के कामकाज पर नजर डालें तो दो मोर्चों पर सबसे ज्यादा जोर दिखाई देता है। पहला, बिहार को सड़क और परिवहन के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी देना और दूसरा, राज्य में उद्योगों का जाल बिछाकर निवेश और रोजगार के नए रास्ते खोलना। नीतीश कुमार 20 नवंबर 2025 से 14 अप्रैल 2026 तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 15 अप्रैल 2026 से सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली।

सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती बिहार की पहचान को कृषि आधारित अर्थव्यवस्था से आगे ले जाने की है। इसी कोशिश में एक साल के दौरान उद्योग लगाने के 1,091 प्रस्ताव मिले हैं। वैशाली और गयाजी में औद्योगिक हब विकसित किए जा रहे हैं। हर जिले में उद्योग स्थापित करने के लक्ष्य के तहत 25 जिलों के 28 स्थानों पर नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

औद्योगिक निवेश के आंकड़े भी सरकार की कोशिशों की तस्वीर दिखाते हैं। BIADA ने वित्त वर्ष 2025-26 से अब तक 521 इकाइयों को 727.02 एकड़ जमीन आवंटित की है। इनसे 18,380.25 करोड़ रुपये के निवेश और 49,167 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। पटना में 250 करोड़ रुपये की लागत से बना डेटा सेंटर 13 अक्टूबर 2026 से काम कर रहा है। हैदराबाद की कंपनी CtrlS ने इसका निर्माण किया है। वहीं, 200 करोड़ रुपये की लागत से बना बिहार ट्रेड टावर भी व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की तैयारी में है।

गयाजी के डोभी में 1,670 एकड़ में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी विकसित हो रही है। अक्टूबर 2026 में इसका औपचारिक शुभारंभ हुआ। 13 गांवों में फैली इस परियोजना को केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त व्यवस्था के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, 20 नवंबर को उद्यमियों के साथ संवाद में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को लेकर एमओयू हुए।

रोजगार के मोर्चे पर मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 47,075 लाभार्थियों को 3,414 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। लघु उद्यमी योजना में 71,740 लोगों को 581 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। स्टार्टअप बिहार में 1,762 स्टार्टअप पंजीकृत हुए। PMEGP और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के आंकड़े भी स्वरोजगार की कोशिशों को दिखाते हैं।

कनेक्टिविटी के मोर्चे पर पटना मेट्रो का विस्तार ISBT से मलाही पकड़ी तक 6.2 किलोमीटर हो चुका है। अब असली परीक्षा इन घोषणाओं और निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की है। उद्योगों में उत्पादन शुरू हो, युवाओं को स्थानीय रोजगार मिले और परिवहन परियोजनाएं आम लोगों की जिंदगी आसान बनाएं, तभी इस एक साल के विकास का दावा मुकम्मल माना जाएगा।