Patna Marine Drive: मरीन ड्राइव ने छीन ली पटना-बख्तियारपुर टोलवे की कमाई! पढ़िए आखिर 9 करोड़ से घटकर 6 करोड़ तक कैसे पहुंचा मासिक राजस्व

Patna Marine Drive: पटना में गंगा मरीन ड्राइव और नीतीश सेतु के शुरू होते ही यातायात की तस्वीर बदल गई है। ...

Patna Marine Drive
मरीन ड्राइव ने छीन ली पटना-बख्तियारपुर टोलवे की कमाई! - फोटो : reporter

Patna Marine Drive: पटना में गंगा मरीन ड्राइव और नीतीश सेतु के शुरू होते ही यातायात की तस्वीर बदल गई है। लोगों को जाम से निजात मिली और पटना में आवाजाही के नए रास्ते खुल गए, लेकिन इस बदलाव का बड़ा झटका पटना-बख्तियारपुर टोलवे (पीबीटीएल) को लगा है। कभी हर महीने करीब 9 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने वाला यह टोलवे अब महज 6 करोड़ रुपये पर सिमट गया है। यानी हर महीने करीब 3 करोड़ रुपये की आमदनी कम हो रही है। सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही घटने से टोल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

दरअसल, पिछले दो दशकों में पटना और आसपास के इलाकों में सड़क, पुल और फ्लाईओवर का तेजी से निर्माण हुआ है। गंगा किनारे बना मरीन ड्राइव राजधानी के लिए एक नए लाइफलाइन के तौर पर उभरा है। जेपी गंगा पथ और नीतीश सेतु के जरिए वाहन चालक बिना दीदारगंज टोल प्लाजा पहुंचे भी अपने गंतव्य तक जा सकते हैं। इसके अलावा कोठियां, महुली और मरची रोड के रास्ते भी लोग राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच रहे हैं। इसका सीधा असर पीबीटीएल के ट्रैफिक और कमाई पर पड़ा है।

दीदारगंज टोलवे के प्रबंधक प्रभाकर सिंह के मुताबिक, पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के निर्माण में करीब एक हजार करोड़ रुपये का बैंक ऋण लिया गया था। इस कर्ज की अदायगी के लिए प्रतिदिन लगभग 50 लाख रुपये बैंक में जमा करने पड़ते हैं। मरीन ड्राइव शुरू होने से पहले टोलवे से रोजाना 20 से 22 हजार वाहन गुजरते थे और करीब 31 लाख रुपये का राजस्व मिलता था। इस हिसाब से मासिक आमदनी लगभग 9 करोड़ रुपये थी।

अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। प्रतिदिन गुजरने वाले वाहनों की संख्या घटकर 12 से 13 हजार रह गई है। वहीं दैनिक राजस्व भी 31 लाख से घटकर करीब 20 लाख रुपये पर पहुंच गया है। नतीजतन मासिक कमाई 6 करोड़ रुपये के आसपास सिमट गई है।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि टोलवे की राजस्व वसूली की अवधि 2029 में समाप्त होनी है। ऐसे में मौजूदा कमाई के आधार पर निर्माण लागत और कर्ज की भरपाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रिपोर्ट- रजनीश