Bihar Tender Scam: बिहार टेंडर घोटाला- ED के सामने हाजिर हुआ रिशु श्री का करीबी विपुल वैभव, कई राज से उठेगा पर्दा

Bihar Tender Scam: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले की जांच अब नए चेहरों और कथित कारोबारी कनेक्शन तक पहुंच रही है।...

Bihar Tender Scam
कई राज से उठेगा पर्दा- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Tender Scam:  बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले की जांच अब नए चेहरों और कथित कारोबारी कनेक्शन तक पहुंच रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए रिशु श्री के करीबी बताए जा रहे विपुल वैभव से पूछताछ शुरू की है। बुधवार को वह पटना स्थित ED कार्यालय पहुंचे। एजेंसी ने उन्हें नोटिस जारी किया था, जिसके जवाब में वह अपना पक्ष रखने आए हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने उनसे टेंडर आवंटन, कंपनियों के बीच संबंध और सरकारी परियोजनाओं में कथित भूमिका को लेकर सवाल किए हैं।

जांच की एक अहम कड़ी मेसर्स श्रीहरि कंस्ट्रक्शन एंड कंसल्टेंसी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, विपुल वैभव इस कंपनी से जुड़ा है। इसका कार्यालय पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी में बताया जाता है। आरोप है कि वह रिशु श्री के साथ मिलकर बिहार सरकार के अलग-अलग विभागों की निर्माण और आधारभूत संरचना परियोजनाओं के टेंडर मैनेज करने में भूमिका निभाता था। इनमें नगर विकास एवं आवास विभाग और बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की परियोजनाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।

ED की पड़ताल का मकसद यह समझना है कि टेंडर प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका थी और किन कंपनियों को कथित तौर पर फायदा पहुंचाया गया। एजेंसी कंपनियों के कारोबारी संबंधों, ठेका आवंटन और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

इस मामले में विदेशी कनेक्शन भी जांच के दायरे में है। सूत्रों का दावा है कि विपुल वैभव कई बार रिशु श्री के साथ जापान गया था। आरोप है कि जापान की कुछ कंपनियों को सरकारी परियोजनाओं में ठेका दिलाने में मदद की गई और इसके बदले करोड़ों रुपये का लाभ अर्जित किया गया। ED इन यात्राओं के उद्देश्य, संबंधित कंपनियों और सरकारी परियोजनाओं में उनकी भागीदारी की पड़ताल कर सकती है। हालांकि, विदेशी यात्राओं और टेंडर आवंटन के बीच संबंध अभी जांच का विषय है।

पूरे मामले में रिशु श्री पर सरकारी अधिकारियों के साथ कथित सांठगांठ कर विभिन्न विभागों के टेंडर प्रभावित करने और अवैध लाभ कमाने के आरोप हैं। ED के साथ विशेष निगरानी इकाई (SVU) भी इस प्रकरण की जांच कर रही है। इससे पहले कई अधिकारियों से पूछताछ हो चुकी है।

अब विपुल वैभव से पूछताछ के जरिए जांच एजेंसी कथित नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि टेंडर प्रक्रिया में उनकी वास्तविक भूमिका क्या थी और विदेशी कंपनियों से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है। विपुल वैभव की ओर से भी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।