बिहार में शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों की बहाली का रास्ता साफ, शिक्षा विभाग ने बताया कब बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र
बिहार शिक्षा विभाग ने मध्य विद्यालयों के लिए शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक नियुक्ति कैलेंडर जारी किया है। 11 अप्रैल से आवेदन शुरू होंगे और 28 मई को नियुक्ति पत्र मिलेंगे।
Patna - : बिहार के मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक (Physical Education & Health Instructor) बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शिक्षा विभाग ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पिछड़ा वर्ग तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 239 सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए आधिकारिक समय-सारणी (कैलेंडर) जारी कर दी है । विभाग के उप सचिव अजय सतीश भेंगरा के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना के तहत नियोजन की पूरी प्रक्रिया अप्रैल और मई महीने में संपन्न की जाएगी ।
11 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
जारी कैलेंडर के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा 8 अप्रैल 2026 तक रिक्त पदों का संसूचन एनआईसी (NIC) के पोर्टल पर किया जाएगा । इसके बाद, 11 अप्रैल को नियोजन इकाई द्वारा इन पदों का प्रकाशन पोर्टल पर होगा । योग्य अभ्यर्थी 11 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन जमा कर सकेंगे । इसके तुरंत बाद 29 अप्रैल को औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा, जिस पर अभ्यर्थी 5 मई तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे ।
28 मई को बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र
आपत्तियों के निराकरण के बाद 9 मई 2026 को अंतिम मेधा सूची (Final Merit List) पोर्टल पर अपलोड की जाएगी । चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए 12 मई को जिला स्तर पर कैंप आयोजित किए जाएंगे । अंततः, सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद 28 मई 2026 को चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा । विभाग ने स्पष्ट किया है कि कैंप में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का दावा स्वतः समाप्त माना जाएगा
गतिविधि | निर्धारित तिथि / अवधि |
नियोजन इकाई द्वारा रिक्त पदों का NIC पोर्टल पर प्रकाशन | 11 अप्रैल 2026 |
योग्य अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन करने की अवधि | 11.04.2026 से 26.04.2026 |
औपबंधिक मेधा सूची (Provisional Merit List) का प्रकाशन | 29 अप्रैल 2026 |
मेधा सूची पर आपत्ति दर्ज करने की अवधि | 29.04.2026 से 05.05.2026 |
अंतिम मेधा सूची (Final Merit List) का प्रकाशन | 09 मई 2026 |
जिला स्तर पर प्रमाणपत्रों की जांच एवं चयन सूची तैयार करना | 12 मई 2026 |
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण | 28 मई 2026 |