Bihar Ropeway Project: बिहार के पर्यटन स्थलों की बदलेगी तस्वीर, 20 जगहों पर शुरू होगी रोपवे सेवा, पटना से सोनपुर तक गंगा के ऊपर बनेगा रोपवे

Bihar Ropeway Project: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की तैयारी है। राज्य के धार्मिक और पहाड़ी पर्यटन स्थलों तक पहुंचना अब पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।...

टना से सोनपुर तक गंगा के ऊपर बनेगा रोपवे- फोटो : X

Bihar Ropeway Project: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की तैयारी है। राज्य के धार्मिक और पहाड़ी पर्यटन स्थलों तक पहुंचना अब पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। सरकार ने प्रदेश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे सुविधा शुरू करने की योजना बनाई है। इस योजना में सबसे खास आकर्षण पटना से सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक गंगा नदी के ऊपर रोपवे बनाने का प्रस्ताव है। करीब सात किलोमीटर लंबी इस परियोजना के पूरा होने पर श्रद्धालु और पर्यटक गंगा के ऊपर से सफर कर सकेंगे।

प्रस्तावित रोपवे पटना के जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव क्षेत्र से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक बनाया जाना है। इसके निर्माण के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल अपनाने की तैयारी है। बिहार राज्य सड़क विकास निगम की ओर से इसी महीने परियोजना की प्री-फिजिबिलिटी स्टडी के लिए कंसल्टेंसी टेंडर जारी किया गया है। अध्ययन में रोपवे के संभावित मार्ग, तकनीकी व्यवहार्यता और निर्माण से जुड़े दूसरे पहलुओं की पड़ताल होगी। इसके बाद परियोजना की लागत, स्टेशन, यात्री क्षमता और निर्माण का विस्तृत खाका तैयार किया जाएगा।

पहाड़ी और धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगी रोपवे सुविधा

रोपवे योजना के तहत गया, बोधगया, जहानाबाद, रोहतास और कैमूर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी शामिल किया गया है। पहले चरण में छह जगहों पर परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। इनमें गया की ब्रह्मयोनि और प्रेतशिला पहाड़ी, बोधगया की डुंगेश्वरी पहाड़ी, जहानाबाद की वाणावर पहाड़ी, रोहतासगढ़ किला और कैमूर का प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में पर्यटकों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर ऊंची पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों वाले इलाकों में रोपवे सेवा पर्यटन के अनुभव को नया रूप दे सकती है।

तीन परियोजनाओं पर 35.91 करोड़ रुपये खर्च का प्रस्ताव

गया और बोधगया की तीन रोपवे परियोजनाओं के लिए कुल 35.91 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसमें ब्रह्मयोनि पहाड़ी के लिए 8.67 करोड़, डुंगेश्वरी पहाड़ी के लिए 16.76 करोड़ और प्रेतशिला पहाड़ी के लिए 10.48 करोड़ रुपये शामिल हैं।

यह योजना बिहार के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटकों की आवाजाही को भी नई गति दे सकती है। हालांकि, परियोजनाओं का वास्तविक स्वरूप विस्तृत तकनीकी अध्ययन और आगे की स्वीकृतियों के बाद ही स्पष्ट होगा।