Bihar Road Accident : बिहार में तेज रफ्तार ट्रक ने तीन फुटबॉल खिलाड़ियों को कुचला, दो की मौत

Bihar Road Accident : बिहार के जमुई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं।...

Jamui Road Accident
तेज रफ्तार ट्रक ने तीन फुटबॉल खिलाड़ियों को कुचला- फोटो : X

Bihar Road Accident : बिहार के जमुई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। मोहनपुर थाना क्षेत्र के ककनचोर स्थित काजू बगान मोड़ के समीप शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन फुटबॉल खिलाड़ियों को बेरहमी से रौंद दिया। इस हादसे में दो खिलाड़ियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मृतकों की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के कसैया गांव निवासी तालो टुड्डू के 16 वर्षीय पुत्र दिनेश टुड्डू और पूरण मुर्मू के 20 वर्षीय पुत्र रवीन मुर्मू के रूप में हुई है। वहीं, रामजी मुर्मू का 20 वर्षीय पुत्र शिवशंकर मुर्मू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तीनों युवक फुटबॉल खेलने के शौकीन थे। सोमवार को वे एक ही बाइक पर सवार होकर बरहट इलाके में मैच खेलने गए थे। मैच खत्म होने के बाद घर लौटते वक्त काजू बगान के घुमावदार मोड़ पर पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखचे उड़ गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक जब्त कर घायल शिवशंकर को सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखते हुए उसे सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

थाना प्रभारी राकेश कुमार के मुताबिक, फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उधर, दो होनहार खिलाड़ियों की मौत से कसैया गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।