Bihar Police SI Promotion 2026: बिहार में 6,800 ASI बने दारोगा, गृह विभाग ने जारी किया नया आदेश
गृह विभाग, बिहार ने आरक्षी शाखा के तहत 6,800 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को सब-इंस्पेक्टर (SI/दारोगा) का कार्यकारी प्रभार देने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही औपबंधिक वरीयता सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार, पटना के ज्ञापांक 19300 के तहत स्वीकृत व्यवस्था के अंतर्गत राज्य के 6,800 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को सब-इंस्पेक्टर (SI/दारोगा) पद का कार्यकारी प्रभार दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत प्रभार की अवधि को 01.09.2026 से आगे बढ़ाते हुए अगले आदेश तक के लिए विस्तारित कर दिया गया है। इसके साथ ही विभाग ने 6,800 अधिकारियों की औपबंधिक राज्यस्तरीय वरीयता सूची (संलग्न प्रपत्र 'क') अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है।
आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया और समय-सीमा
जारी की गई औपबंधिक वरीयता सूची के विवरण में यदि किसी प्रकार की त्रुटि या भिन्नता पाई जाती है, तो संबंधित कर्मी साक्ष्य के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। सभी कार्यालय व इकाई प्रमुखों को आपत्तियों को समेकित कर निर्धारित प्रारूप में विशेष कार्य पदाधिकारी (कल्याण) को भेजने का निर्देश दिया गया है। निश्चित समय-सीमा के भीतर आपत्ति प्राप्त न होने की स्थिति में सूची को अंतिम मानकर लागू कर दिया जाएगा।
प्रमोशन और सेवा नियमों से जुड़ी शर्तें
कार्यकारी प्रभार के तहत मिलने वाली यह पदोन्नति पूर्व से जारी अनुशासनात्मक कार्रवाई, विभागीय जांच या न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। यदि किसी पुलिसकर्मी के विरुद्ध प्रतिकूल टिप्पणी या सजा प्रभावी पाई जाती है, तो उन्हें इस पदोन्नति का लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही, इस अस्थायी कार्यकारी व्यवस्था के अंतर्गत कर्मियों को कोई अतिरिक्त वित्तीय लाभ या भत्ता देय नहीं होगा।
विभागीय अनुपालन और भावी निर्देश
सूचीबद्ध अधिकारियों में से जो पद से हटा दिए गए हैं या जिनका स्थानांतरण अन्यत्र हो चुका है, उनके विवरण मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) और संबंधित इकाइयों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है ताकि अंतिम वरीयता सूची का प्रकाशन बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट