Hindi Diwas 2026 : BSPHCL में विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन, वाक् और कविता पाठ प्रतियोगिता के विजेताओ को मिला पुरस्कार
Hindi Diwas 2026 : BSPHCL तथा इसकी अनुषंगी कंपनियों द्वारा 'हिंदी दिवस 2026' के अवसर पर एक विशेष सांस्कृतिक सह साहित्यिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
PATNA : बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) तथा इसकी अनुषंगी कंपनियों द्वारा 'हिंदी दिवस 2026' के अवसर पर एक विशेष सांस्कृतिक सह साहित्यिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वाक्-प्रतियोगिता (एक्सटेम्पोर) तथा स्वरचित हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अजय यादव (भा.प्र.से.), प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.), प्रबंध निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी (भा.प्र.से.), प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल (भा.प्र.से.) और प्रबंध निदेशक विशाल राज (भा.प्र.से.) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा सचिव अजय यादव ने सभी विजेताओं को बधाई दी और तीज तथा गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि भाषा को सरल और सहज बनाना बेहद आवश्यक है, ताकि उपभोक्ताओं तक ऊर्जा विभाग के संदेश और योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुँच सके। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे सरल भाषा, प्रभावी संवाद और रचनात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए जनसंपर्क व प्रशासन विभाग के महाप्रबंधक सांवर भारती, जितेश सिंह और रवि भूषण निर्णायक मंडल की भूमिका में रहे। ऊर्जा परिवार के कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाक्-प्रतियोगिता में प्रथम स्थान उर्वशी कुमारी (कनीय विद्युत अभियंता), द्वितीय स्थान धीरज कुमार (अवर सचिव), तृतीय स्थान राजा कुंदन कुमार और सांत्वना पुरस्कार रमेश कुमार (प्रशाखा पदाधिकारी) ने प्राप्त किया।
वहीँ स्वरचित हिंदी कविता पाठ में प्रथम स्थान नंदिनी कुमारी (सहायक विद्युत अभियंता), द्वितीय स्थान चांदनी कुमारी (सहायक विद्युत अभियंता - राजस्व), तृतीय स्थान मिलिंद आनंद (सहायक प्रबंधक - आईटी) और सांत्वना पुरस्कार जय शंकर साहनी (मुख्य अभियंता - परियोजना-1, ग्रामीण) ने प्राप्त किया।