Bihar Police News: DGP विनय कुमार के बाद BPSSC के अध्यक्ष भी छुट्टी पर, प्रशासनिक गलियारों में उठ रहे सवाल
बिहार के DGP विनय कुमार का कार्यकाल समाप्त होने से ठीक पहले छुट्टी पर जाने और अब BPSSC के अध्यक्ष के एस द्विवेदी के भी अचानक लंबी छुट्टी पर जाने कि ख़बर। दोनों शीर्ष अधिकारियों के एक साथ छुट्टी पर जाने से उठे कई सवाल। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) के एस द्विवेदी अचानक लंबी छुट्टी पर जा रहे हैं। गृह विभाग द्वारा चालू वर्ष में ही 20 अप्रैल 2026 को उनकी सेवा का विस्तार करते हुए 68 वर्ष की आयु या अगले आदेश तक पद पर बने रहने की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बावजूद अचानक उनके छुट्टी पर जाने के फैसले ने प्रशासनिक गलियारों में सुगबुगाहट बढ़ा दी है।
वर्तमान डीजीपी विनय कुमार के अवकाश से जुड़ी कड़ी
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब बिहार के वर्तमान डीजीपी विनय कुमार भी अचानक 21 दिन की छुट्टी पर जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि डीजीपी विनय कुमार का दो साल का निर्धारित कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। राज्य के दो सबसे शीर्ष और महत्वपूर्ण पुलिस प्रशासनिक पदों पर बैठे अधिकारियों का एक साथ अवकाश पर जाना चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
प्रशासनिक महकमे में उठे कई गंभीर सवाल
पुलिस महकमे और गृह विभाग के शीर्ष अधिकारियों के एक साथ छुट्टी पर जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। डीजीपी के कार्यकाल समाप्ति के करीब होने और नए पुलिस प्रमुख के चयन की प्रक्रिया के बीच इन महत्वपूर्ण पदों से अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
आयोग और पुलिस मुख्यालय की कार्यप्रणाली पर असर
अध्यक्ष और डीजीपी स्तर के अधिकारियों के छुट्टी पर जाने से आयोग की जारी बहाली प्रक्रियाओं और पुलिस मुख्यालय के नीतिगत निर्णयों की गति प्रभावित होने की संभावना है। फिलहाल गृह विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था के तहत विभागीय कार्यों को सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है।