Bihar Police: रील बनाने पर सख्ती की खबरों पर विराम! पुलिस मुख्यालय ने दी सफाई

Bihar Police: बिहार पुलिस ने साफ किया कि वर्दी में रील बनाने को लेकर कोई नया नियम नहीं आया है। पुराना नियम ही लागू है।

बिहार पुलिस का बयान!- फोटो : social media

Bihar Police: इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर एक खबर तेजी से फैल रही है कि बिहार पुलिस ने वर्दी में रील या वीडियो बनाने को लेकर कोई नया नियम लागू कर दिया है। इस खबर को लेकर अब पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि ऐसा कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है और यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक है।

पुलिस मुख्यालय ने अपने बयान में कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए इंटरनेट मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पहले से ही नियम लागू हैं। इसके लिए अलग से कोई नया नियम बनाने की जरूरत नहीं पड़ी है। यानी जो नियम पहले से चल रहे हैं, वही अभी भी लागू हैं।

पुलिस मुख्यालय ने क्या बताया?

मुख्यालय ने यह भी बताया कि पुलिस मैनुअल 1978 के नियम-1061 में वर्दी और व्यवहार को लेकर साफ दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन नियमों के अनुसार वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। अगर कोई वर्दी में रहते हुए अनुचित तरीके से वीडियो बनाता है या उसे इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करता है, तो इसे नियमों के खिलाफ माना जाएगा।

रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले

हाल के दिनों में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले सामने आए थे। इसी के बाद पुलिस विभाग ने पुराने नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर से सभी को याद दिलाया है, लेकिन कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर फैल रही ऐसी गलत और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें और केवल आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।