Bihar Police:बिहार में पुलिसिंग का डिजिटल स्ट्राइक, अब नक्शे पर दिखेगी हर थाने की सीमा, वारदात के बाद कार्रवाई में देरी का बहाना होगा खत्म, नपा जाएंगे

Bihar Police: बिहार में अब थाने की सीमा को लेकर होने वाली माथापच्ची और क्षेत्राधिकार विवाद पर लगाम लगाने की तैयारी है।

बिहार में पुलिसिंग का डिजिटल स्ट्राइक- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार में अब थाने की सीमा को लेकर होने वाली माथापच्ची और क्षेत्राधिकार विवाद पर लगाम लगाने की तैयारी है। राज्य के सभी थानों की सीमाएं डिजिटल मैप पर स्पष्ट रूप से चिह्नित होंगी। बिहार पुलिस इसके लिए जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित थाना क्षेत्राधिकार मैपिंग पोर्टल तैयार कर रही है। इस डिजिटल पहल के जमीन पर उतरते ही किसी घटना का इलाका किस थाने के अधीन आता है, यह चंद पलों में पता चल सकेगा। इससे वारदात के बाद क्षेत्राधिकार का हवाला देकर कार्रवाई टालने की गुंजाइश कम होगी और पुलिस की जवाबदेही भी बढ़ेगी।

डिजिटल नक्शे पर दिखेगा हर थाने का इलाका

बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, यह पहल राज्य में डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने की व्यापक योजना का हिस्सा है। पोर्टल पर जिला, थाना, थाने की सीमा, अपराध के हॉट स्पॉट और सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट जैसी अहम जानकारियां चिह्नित रहेंगी। इससे पुलिस अधिकारियों को किसी इलाके की भौगोलिक स्थिति समझने, गश्ती की रणनीति बनाने और जरूरत के मुताबिक पुलिस बल तैनात करने में सहूलियत होगी।

राज्य में 968 से अधिक पुलिस थाने और चौकियां पहले ही क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) से जुड़ चुके हैं। वहीं, इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) के जरिए पुलिस, अदालत, फोरेंसिक लैब, अभियोजन और जेल प्रशासन के बीच सूचना के आदान-प्रदान को मजबूत किया जा रहा है। अब जीआईएस मैपिंग पोर्टल इस व्यवस्था को एक और तकनीकी मजबूती देगा।

अपराध के हॉट स्पॉट पर पुलिस का शिकंजा

इस पोर्टल का सबसे बड़ा फायदा अपराध नियंत्रण और विश्लेषण में मिलने की उम्मीद है। किसी इलाके में किस समय और किस तरह की वारदातें अधिक हो रही हैं, इसे डिजिटल नक्शे पर देखकर अपराध के पैटर्न का आकलन किया जा सकेगा। इसके आधार पर संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाने और गश्ती बढ़ाने की रणनीति तैयार होगी।

थाना क्षेत्र की सीमा और आबादी के विस्तार को ध्यान में रखकर पुलिस बल, वाहन और दूसरे संसाधनों का बेहतर बंटवारा भी संभव होगा। बड़े अभियानों के दौरान वरिष्ठ अधिकारी मैप की मदद से क्षेत्रीय स्थिति समझकर तेजी से फैसले ले सकेंगे। इससे संसाधनों के असंतुलित इस्तेमाल पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

डायल-112 और बीट पुलिसिंग को मिलेगी नई ताकत

जीआईएस मैपिंग से आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 की प्रतिक्रिया व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। घटनास्थल की लोकेशन और संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी मिलने से नजदीकी उपलब्ध पुलिस टीम को भेजने में सहूलियत हो सकती है। हालांकि, इसके लिए पोर्टल और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के बीच प्रभावी तकनीकी समन्वय जरूरी होगा।

बीट पुलिसिंग के तहत प्रत्येक बीट और मोहल्ले की जिम्मेदारी डिजिटल रूप से स्पष्ट करने में भी यह व्यवस्था मददगार होगी। इससे स्थानीय निगरानी, नियमित गश्ती और जनता के साथ संवाद को बेहतर बनाया जा सकेगा।

थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों को मिलेगी ट्रेनिंग

पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल के लिए थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की योजना है। खासकर रेल लाइन, सड़क, नहर, जिला सीमा और दो थानों के बीच पड़ने वाले इलाकों में क्षेत्राधिकार को लेकर पैदा होने वाले विवाद कम करने में यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है।

हालांकि, इस पहल की असली कामयाबी पोर्टल पर सटीक और अपडेटेड नक्शे, समय पर सूचना साझा करने तथा पुलिसकर्मियों के नियमित इस्तेमाल पर निर्भर करेगी। व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद बिहार पुलिस के लिए अपराध नियंत्रण, संसाधन प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई को पहले से अधिक प्रभावी बनाने का रास्ता खुल सकता है।