Bihar Politics: बिहार की सियासत में संग्राम शुरु, राज्यसभा की आहट पर उबल पड़ा जदयू, CM हाउस के बाहर हंगामा और भाजपा नेता की गाड़ियों पर हुआ हमला

Bihar Politics:बिहार की राजनीति में इस वक्त विरोध का माहौल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा ने सियासी तापमान को चरम पर पहुंचा दिया है।

राज्यसभा की आहट पर उबल पड़ा जदयू,- फोटो : reporter

Bihar Politics:बिहार की राजनीति में इस वक्त विरोध का माहौल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के राज्यसभा जाने की चर्चा ने सियासी तापमान को चरम पर पहुंचा दिया है। इन अटकलों के बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नारों और जज़्बात के साथ कार्यकर्ताओं ने साफ लफ्ज़ों में ऐलान किया “नीतीश कुमार बिहार के हैं, उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे।” कुछ कार्यकर्ताओं ने तो जान देने तक की बात कह दी, जिससे माहौल और ज्यादा संगीन हो गया।

इसी दरमियान हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब जदयू के विधान परिषद सदस्य और नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले संजय गांधी मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, उन्हें वाहन से उतार लिया और कथित तौर पर गाड़ी पर हमला कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी और बवाल का मंजर बन गया।

इतना ही नहीं, भाजपा विधायक और मंत्री सुरेंद्र मेहता जब मुख्यमंत्री आवास के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। कार्यकर्ताओं ने वाहन पर हाथ मारे, शीशे तोड़ने की कोशिश की और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया और नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

राज्यसभा की सियासी बिसात पर बिछती चालों के बीच जमीनी कार्यकर्ताओं का गुस्सा यह संकेत दे रहा है कि यह सिर्फ पद परिवर्तन का मामला नहीं, बल्कि जज़्बात और वफादारी की जंग भी है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री क्या फैसला लेते हैं और पार्टी नेतृत्व इस उबाल को कैसे थामता है। बिहार की सियासत में आने वाले घंटे बेहद अहम साबित हो सकते हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह