Bihar Railway Expansion:सम्राट सरकार के एक साल में बिहार में रेलवे का बड़ा विस्तार, नोएडा-मुंबई में रहने वाले प्रवासियों ने कहा- अब त्योहारों पर घर आना हुआ आसान
Bihar Railway Expansion:बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल के दौरान रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं।...
Bihar Railway Expansion:बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल के दौरान रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में नई ट्रेनों की शुरुआत और आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने का दावा किया जा रहा है। खासकर नोएडा, मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों में नौकरी तथा पढ़ाई करने वाले बिहार के लोगों के लिए त्योहारों पर घर लौटना पहले के मुकाबले सुविधाजनक हुआ है। वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने बिहार के रेल नेटवर्क को नई पहचान दी है। इसका फायदा छठ और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों पर घर आने वाले प्रवासियों को भी मिल रहा है।
नोएडा में रहने वाली प्रियम्वदा हर साल छठ महापर्व मनाने समस्तीपुर आती हैं। उनका कहना है कि दो छोटे बच्चों के साथ त्योहारों में ट्रेन से सफर करना पहले काफी मुश्किल होता था। भीड़ और कंफर्म टिकट की परेशानी के कारण परिवार के साथ यात्रा करना चुनौती बन जाता था। लेकिन नई ट्रेनों और रेल सेवाओं के विस्तार से उन्हें काफी सहूलियत मिली है। अब बच्चों के साथ घर पहुंचना पहले से ज्यादा आरामदायक हो गया है।
वहीं, मुंबई में नौकरी करने वाले रितेश कुमार बताते हैं कि पहले अचानक घर आने की जरूरत पड़ने पर टिकट मिलना मुश्किल होता था। कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था। अब ट्रेनों की संख्या और बेहतर कनेक्टिविटी से जरूरत के समय बिहार पहुंचना आसान हुआ है।
रेलवे के आंकड़े भी विस्तार की तस्वीर पेश करते हैं। 22 अगस्त 2025 के पीआईबी विवरण के मुताबिक, वर्ष 2014 से अगस्त 2025 तक बिहार में 115 नई ट्रेनें शुरू की गईं और 300 से अधिक ट्रेन जोड़ियों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया। वहीं, अप्रैल 2023 से फरवरी 2026 के बीच बिहार के स्टेशनों से जुड़ी 136 नई ट्रेन सेवाएं शुरू हुईं। इनमें 24 अमृत भारत, 22 वंदे भारत, दो नमो भारत रैपिड रेल और 88 एक्सप्रेस व पैसेंजर सेवाएं शामिल हैं।
24 जुलाई 2026 को राज्यसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, बिहार के स्टेशनों को 11 जोड़ी वंदे भारत और 14 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनें सेवाएं दे रही हैं। पटना-रांची वंदे भारत, जोगबनी-दानापुर वंदे भारत और दरभंगा-आनंद विहार अमृत भारत जैसी ट्रेनें यात्रियों को बेहतर सफर का विकल्प दे रही हैं। रेल कनेक्टिविटी का यह विस्तार न केवल अपनों से मिलने की राह आसान बना रहा है, बल्कि बिहार के व्यापार, आवागमन और आर्थिक विकास के लिए भी नई उम्मीदें जगा रहा है।