Patna railway station: बिहार के रेलवे स्टेशनों की बदलेगी तस्वीर, ब्रांडेड स्टोर खोलने की तैयारी
Patna railway station: पटना जंक्शन समेत बिहार के कई रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे ब्रांडेड स्टोर। जानें पूरी योजना और क्या होगा बदलाव।
Patna railway station: भारतीय रेल अब तेजी से बदल रही है और अब यह सिर्फ ट्रेन और पटरियों तक सीमित नहीं रह गई है। आने वाले समय में पटना जंक्शन, दानापुर रेलवे स्टेशन, आरा रेलवे स्टेशन, राजगीर रेलवे स्टेशन और बक्सर रेलवे स्टेशनजैसे स्टेशनों की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। रेलवे बोर्ड ने इन स्टेशनों पर ब्रांडेड रिटेल स्टोर खोलने की मंजूरी दे दी है। इसका मतलब यह है कि अब यात्रियों को स्टेशन के अंदर ही कपड़ों और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स के बड़े-बड़े शोरूम मिलेंगे, जैसे किसी मॉल में होते हैं।
इस योजना की शुरुआत सबसे पहले पटना जंक्शन से होगी। यहां हाल ही में एक बड़ा सर्वे किया गया है, जिसमें दो जगहों को स्टोर खोलने के लिए चुना गया है। पहली जगह प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी और पार्किंग के पास है, जबकि दूसरी जगह प्लेटफॉर्म नंबर-10 के आखिरी हिस्से में तय की गई है। इस सर्वे की रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी गई है और जैसे ही अंतिम मंजूरी मिलती है, काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और रेलवे की कमाई भी बढ़ेगी।
निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही रेलवे
इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए इंडियन रेलवे स्टेशन्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है। रिलायंस रिटेल, स्मार्ट बाज़ार और शॉपर्स स्टॉप जैसे बड़े ब्रांड्स से बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि मई 2026 से इन स्टोर्स के लिए समझौते और जगह आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस नई योजना के तहत सिर्फ शॉपिंग ही नहीं, बल्कि यात्रियों की रोजमर्रा की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाएगा। सर्वे में यात्रियों ने खास तौर पर मल्टी-ब्रांड कपड़ों के स्टोर की मांग की थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
पटना जंक्शन लगेगा बड़ा बाजार
आने वाले समय में पटना जंक्शन किसी बड़े बाजार जैसा दिखेगा, जहां यात्रियों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिलेंगी। इसके बाद दानापुर मंडल के बाकी स्टेशनों पर भी इसी तरह के स्टोर खोले जाएंगे। इस पहल से न सिर्फ यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि पूरे इलाके में रेलवे स्टेशनों का रूप भी आधुनिक हो जाएगा।