राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तीन सीओ को किया सस्पेंड, 'अराजकता' पर दी कड़ी चेतावनी

बिहार के डिप्टी सीएम सह मंत्री विजय सिन्हा ने सरकारी कार्यों में बाधा डालने और अराजकता फैलाने के आरोप में तीन अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

  • Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने और अनुशासनहीनता के आरोप में तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार के विरुद्ध भ्रम फैलाने और विकास कार्यों को रोकने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

इन तीन अधिकारियों पर गिरी गाज 

निलंबन की कार्रवाई की जद में पटना और पूर्वी चंपारण के अधिकारी आए हैं। इनमें जितेंद्र कुमार (पूर्व अंचल अधिकारी, पटना सदर एवं वर्तमान अपर जिला भू अर्जन पदाधिकारी), रजनीकांत (अंचल अधिकारी, पटना सदर) और आनंद कुमार (अंचल अधिकारी, घोड़ासहन, पूर्वी चंपारण) शामिल हैं। इन तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हड़ताल और जनगणना कार्यों में बाधा का आरोप

डिप्टी सीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष के समापन के समय कुछ कर्मियों द्वारा अवकाश का बहाना बनाकर हड़ताल की जा रही है, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग न केवल खुद काम से बच रहे हैं, बल्कि काम करने वाले अन्य कर्मियों को भी रोक रहे हैं। विजय सिन्हा ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना के कार्यों में भी इन कर्मियों द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है, जो घोर निंदनीय है।

अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार 

मंत्री विजय सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए चेतावनी दी कि बार-बार आग्रह के बावजूद अधिकारी काम पर नहीं लौट रहे हैं और नकारात्मकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के विरुद्ध आलोचना, उत्तेजना पैदा करना और अराजकता फैलाना सेवा शर्तों का उल्लंघन है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि विभाग के 50% लोग कार्यरत हैं और जो लोग बाधा डालेंगे उनके विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Report - Narrotam kumar