पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी, सीसीटीवी से बेनकाब हुआ शातिर चोर, 24 घंटे में सामान बरामद

मोगलपुरा पुलिस ने जमुनी राय के कुआं के पास दो कारों में तोड़फोड़ कर कीमती सामान उड़ाने वाले चोर की पहचान कर ली है और 24 घंटे के भीतर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी, सीसीटीवी से बेनकाब हुआ शातिर चोर,

Patna  - : पटना सिटी के मोगलपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमुनी राय के कुआं के समीप संगत प्रांगण में खड़ी दो कारों में तोड़फोड़ और कीमती सामानों की चोरी के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने न केवल आरोपी की पहचान की, बल्कि उसके घर पर छापेमारी कर चोरी किया गया सारा सामान भी बरामद कर लिया है।

सुबह कार निकालने पहुंचे चालक के उड़े होश 

घटना उस वक्त सामने आई जब वाहन चालक बिट्टू कुमार सुबह अपनी कार निकालने पहुंचे। उन्होंने देखा कि रात में पार्क की गई कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी और उसके भीतर रखा कीमती सामान गायब था। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना मोगलपुरा टीओपी को दी। सूचना मिलते ही टीओपी प्रभारी चुन्नू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया।

सीसीटीवी में कैद हुआ 'पुराना खिलाड़ी' गोलू 

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे चोर की पहचान मोगलपुरा के छत्तातल निवासी प्रकाश महतो के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई। मोगलपुरा टीओपी प्रभारी ने बताया कि गोलू कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर चुका है। पुलिस ने गोलू के घर पर दबिश देकर चोरी का सामान तो बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार है।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी 

मोगलपुरा पुलिस ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए सामान की बरामदगी कर ली गई है और अब आरोपी गोलू कुमार की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।