Bihar News: बिहार में फिर आंदोलन की तैयारी! राजस्व अधिकारी बोले- मांगें पूरी करें सरकार, वरना उतरेंगे सड़क पर

Bihar News: बिहार में एक बार फिर राजस्व अधिकारियों और अंचलाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंकने की चेतावनी दी है। ...

बिहार में फिर आंदोलन की तैयारी!- फोटो : X

Bihar News: बिहार में एक बार फिर राजस्व अधिकारियों और अंचलाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंकने की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने साफ अल्फाज में कहा है कि यदि उनकी लंबित मांगों पर सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस चेतावनी से राज्य के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, रविवार को बिहार राजस्व सेवा संघ (बिरसा) की वार्षिक आमसभा पटना स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित की गई। इस अहम बैठक में अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, कानूनगो समेत संघ से जुड़े करीब 400 पदाधिकारियों ने शिरकत की। आमसभा में संगठन को मजबूत बनाने के मकसद से राजस्व अधिकारियों के दो संगठन बिरसा और बिरसा यूनाइटेड का विलय करने का फैसला लिया गया। अब दोनों संगठन बिरसा के बैनर तले मिलकर काम करेंगे।

बैठक में अधिकारियों ने सरकार से 29 अप्रैल को हुए समझौते को पूरी तरह लागू करने की मांग उठाई। इसी समझौते के आधार पर पहले हड़ताल वापस ली गई थी। संघ का आरोप है कि राजस्व सेवा के कई महत्वपूर्ण वरीय पदों को उससे लेकर दूसरे प्रशासनिक संवर्ग को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने इन पदों को दोबारा राजस्व सेवा में वापस करने की मांग की। खास तौर पर डीसीएलआर और डीएलएओ जैसे पद बिहार प्रशासनिक सेवा से वापस राजस्व सेवा के अधिकारियों को देने की मांग रखी गई।

इसके अलावा कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था और राजस्व कार्यों के निष्पादन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित करने पर जोर दिया गया। संघ ने पारदर्शी एवं न्यायसंगत स्थानांतरण नीति बनाने और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट प्रशासनिक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई।

आमसभा में नारायण तिवारी, हेमंत कुमार झा और राजेश कुमार सिंह समेत विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान बिरसा के आधिकारिक मोबाइल एप का भी शुभारंभ किया गया। अब निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।