Ritlal Yadav: रीतलाल यादव की पत्नी ने किया सनसनीखेज दावा, कहा-'मेरे देवर पिंकू यादव को भेजा जा रहा भागलपुर जेल अगर कुछ हुआ तो...'
बिहार के राजद विधायक रीतलाल यादव ने रंगदारी केस में कोर्ट में सरेंडर किया। उनकी पत्नी रिंकू देवी ने देवर पिंकू यादव के जेल ट्रांसफर को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Bihar RJD MLA Ritlal Yadav: बिहार की राजनीति में नया विवाद सामने आया है, जहां दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव ने रंगदारी के मामले में कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया है। रीतलाल यादव ने इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताया है। वहीं इस मामले को और ज्यादा तूल तब मिला जब उनकी पत्नी रिंकू देवी ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनके देवर पिंकू यादव को गुपचुप तरीके से बेऊर जेल से भागलपुर जेल ट्रांसफर करने की तैयारी है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों हो रही है और किसके दबाव में बिहार पुलिस काम कर रही है।
रिंकू देवी का बड़ा सवाल
रिंकू देवी का यह भी कहना है कि अगर रास्ते में या जेल में उनके देवर पिंकू यादव के साथ कोई घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिहार शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने इस घटना को पुलिस की दोहरी नीति करार दिया है और कहा है कि सिर्फ उनका परिवार ही नहीं बल्कि पूरा बिहार इस रवैये को देख रहा है। इस पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है और लोगों के बीच यह सवाल गूंज रहा है कि क्या वाकई किसी बड़े राजनीतिक दबाव में यह कार्रवाई हो रही है।
सोशल मीडिया पर रिंकू देवी का पोस्ट
बिहार की जनता अब इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। एक तरफ राजद विधायक पर लगे आरोप, दूसरी तरफ उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल ने यह मामला गंभीर बना दिया है। सोशल मीडिया पर रिंकू देवी के पोस्ट को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल बता रहे हैं तो कुछ इसे राजनीतिक हथकंडा मान रहे हैं।
विरोधियों की साजिश-रीतलाल यादव
कोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए रीतलाल यादव ने कहा था कि यह पूरी तरह से विरोधियों की साजिश है। हमारी हत्या की योजना बनाई गई थी और इसके लिए उन्हें एके-47 जैसे हथियार मुहैया कराए गए। लेकिन मैं डटकर खड़ा हूं। मैं जिंदा हूं, और जब तक जिंदा रहूंगा, दानापुर से चुनाव लड़ता रहूंगा। झुकने का सवाल ही नहीं है।"