Patna Road Accident: पटना में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर, तीन महिलाओं समेत चार की मौत

Patna Road Accident:पटना में भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमें चार लोग काल कवलित हो गए हैं।

पटना में भीषण सड़क हादसा- फोटो : reporter

Patna Road Accident:पटना में भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमें चार लोग काल कवलित हो गए हैं। बाढ़ अनुमंडल में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसा अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की खबर है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, बाढ़ के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती देर रात वापस लौट रहे थे। रात करीब 3:30 बजे सबनिमा स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद स्कॉर्पियो सड़क पर निकली ही थी कि सामने से आए बेकाबू हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से जख्मी तीन लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। मृतकों में दूल्हे की बहन पूजा के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। इस खबर के बाद शादी वाले परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक मंगलगीत और खुशियों की गूंज थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, मृतकों की पूरी पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

रिपोर्ट- रविशंकर