Patna Book Fair 2026: पटना पुस्तक मेला 4 दिसंबर से होगा शुरू, 200 स्टॉल और 500 से अधिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
Patna Book Fair 2026: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 4 से 15 दिसंबर तक पटना पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। ....
Patna Book Fair 2026: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 4 से 15 दिसंबर तक पटना पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से आयोजित होने वाले इस मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण का काम आरंभ कर दिया गया। इस बार मेले की थीम 'जॉय ऑफ रीडिंग, बियोंड बुक्स' रखी गई है। 42 वर्षों से साहित्य और पाठकों के बीच रिश्ता मजबूत कर रहा यह मेला बिहार गीत के रचयिता और लोककवि सत्यनारायण को समर्पित होगा।
मेले में देशभर के प्रमुख प्रकाशकों की किताबों के साथ 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रत्नेश्वर के मुताबिक, इस बार 500 से अधिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें करीब छह हजार लेखक, कलाकार, विशेषज्ञ और अतिथि शिरकत करेंगे। साहित्य के साथ सिनेमा, कला, स्वास्थ्य, रोजगार, खानपान, बच्चों और युवाओं से जुड़े आयोजन भी होंगे।
पहली बार 'बुक गाइड' पाठकों को उनकी पसंद की किताबें तलाशने में मदद करेंगे। आनंद कुमार के संयोजन में गाइड प्रकाशकों, लेखकों और नई पुस्तकों की जानकारी देंगे। पाठकों को लेखकों से मिलने, बातचीत करने और ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी मिलेगा।
युवाओं के लिए 'शब्दांकुर' में कविता, कहानी और व्यंग्य प्रस्तुत करने का मंच होगा। बेहतरीन रचनाकार को पुरस्कार मिलेगा। 'चिट्ठियां' में डॉ. विमलेंदु के साथ लोग अपनी जिंदगी से जुड़ी यादगार चिट्ठियां साझा करेंगे। 'यूथ पोडियम' में राजनीति, कला, संस्कृति और समाज पर संवाद होगा।
'हुनर' के तहत 70 से अधिक स्कूलों के लगभग चार हजार बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। 'स्कूल उत्सव' में गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, 'नुक्कड़ के रंग' में विद्यार्थी नाटक के जरिए सामाजिक सरोकारों को सामने रखेंगे।