नियुक्ति नहीं तो मृत्यु दो ... पटना में परिचारी भर्ती को लेकर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने जबरन रोका

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विद्यालय परिचारी के पदों पर बहाली की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उनके मुताबिक, वर्ष 2011-12 के आसपास आवेदन और बहाली की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नियुक्ति लंबित है

Bihar School Peon Recruitment- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में विद्यालय परिचारी (चपरासी) के पदों पर बहाली की मांग को लेकर परिचारी एकता संघ के बैनर तले अभ्यर्थियों ने मंगलवार को पटना में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने, लंबित परिणाम जारी करने और नियमित वेतनमान देने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का कार्यक्रम बनाया था। इसी दौरान पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विद्यालय परिचारी के पदों पर बहाली की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उनके मुताबिक, वर्ष 2011-12 के आसपास आवेदन और बहाली की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। परीक्षा के बाद परिणाम जारी नहीं होने को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी है।


परिचारी एकता संघ की ओर से करीब 9,718 रिक्त विद्यालय परिचारी पदों पर जल्द बहाली की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि राज्य के विभिन्न विद्यालयों में बड़ी संख्या में परिचारी के पद खाली हैं, जिससे स्कूलों के दैनिक कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।


अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में लंबित बहाली प्रक्रिया को जल्द पूरा करना, परीक्षा का परिणाम जारी करना और नियुक्त परिचारियों को नियमित वेतनमान उपलब्ध कराना शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।


सीएम आवास के घेराव के लिए आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और बहाली प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग पर अड़े हैं।

अनिल की रिपोर्ट