Bihar Supplementary Budget: बिहार में बजट का क्यों बिगड़ा गणित ? 1.07 लाख करोड़ के सप्लीमेंट्री बजट पर उठ रहे ये सवाल
Bihar Supplementary Budget: बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से चार दिसंबर 2026 तक चलेगा। पांच दिनों में दोनों सदनों की पांच बैठकें होंगी। सरकार 20 हजार करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है।
Bihar Supplementary Budget: बिहार में बजट बनता है, सदन से पास होता है, लेकिन साल खत्म होने से पहले सरकार को फिर अतिरिक्त पैसों की जरूरत पड़ जाती है। सवाल यह है कि आखिर खर्च का हिसाब शुरुआत में ही क्यों नहीं बैठ पाता? क्या योजनाओं की जरूरतों का सही अंदाजा नहीं लगाया जाता या फिर सरकारी खजाने से खर्च का गणित ही गड़बड़ है? बिहार विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में 20 हजार करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी ने इन सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है।
30 नवंबर से चार दिसंबर तक चलने वाले पांच दिवसीय सत्र में सरकार दूसरी अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के सामने रखेगी। इससे पहले मानसून सत्र में 87,383.43 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश किया गया था। अब दूसरे प्रस्ताव को जोड़ दें तो अतिरिक्त बजट का आंकड़ा 1.07 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। जबकि वित्त वर्ष 2026-27 का मूल बजट करीब 3.47 लाख करोड़ रुपये है। यानी सालाना बजट की लगभग 31 फीसदी राशि अतिरिक्त प्रावधानों के रूप में जुटाने की तैयारी है।
सरकार की दलील है कि विकास योजनाओं को रफ्तार देने के लिए अतिरिक्त धन की जरूरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े विभागों ने अतिरिक्त राशि की मांग की है। इससे सड़क, पुल, अस्पताल, विद्यालय और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्र से राशि मिलने के बाद राज्यांश उपलब्ध कराना भी अतिरिक्त बजट की एक वजह हो सकती है।
लेकिन कहानी का दूसरा पहलू भी है। अनुपूरक बजट का मतलब ही है कि पहले तय खर्च के अलावा और धन चाहिए। संविधान के अनुच्छेद 205 के तहत सरकार को इसके लिए विधानसभा की मंजूरी लेनी पड़ती है। बिहार विधानसभा की नियमावली का नियम 179 भी इसकी व्यवस्था करता है।
पिछले वित्तीय वर्षों के आंकड़े भी कई सवाल छोड़ते हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में मूल बजट 2.62 लाख करोड़ रुपये का था। संशोधित अनुमान बढ़कर करीब 3.15 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, लेकिन CAG के मुताबिक वास्तविक खर्च लगभग 2.61 लाख करोड़ रुपये ही रहा। कुल बजटीय प्रावधान का महज 79.92 फीसदी खर्च हुआ। इसके बावजूद 64,344.72 करोड़ रुपये के अनुपूरक प्रावधान किए गए।
यही वह बिंदु है जहां सरकारी वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा जरूरी हो जाती है। अतिरिक्त बजट से विकास को बल मिल सकता है, लेकिन आवंटित राशि खर्च नहीं हुई तो उसका मकसद अधूरा रह जाएगा। राजस्व के मुकाबले खर्च बढ़ा तो कर्ज का बोझ भी बढ़ सकता है। ऐसे में असली सवाल यह नहीं कि सरकार कितने करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट ला रही है, बल्कि यह है कि पहले से तय बजट का कितना पैसा जमीन पर खर्च हो रहा है।