Bihar News: चलती यात्री बस बनी आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार

नेशनल हाईवे पर दौड़ती यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया

Moving Passenger Bus Catches Fire
चलती यात्री बस बनी आग का गोला- फोटो : reporter

Bihar News: नेशनल हाईवे पर दौड़ती यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया मोतिहारी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नेशनल हाईवे पर दौड़ती यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनकट स्थित नेशनल हाईवे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। शुरुआत में किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। इसके बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में बस से बाहर निकलने लगे। इस दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की भी खबर है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी की मौत या गंभीर रूप से हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।फिलहाल बस में आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जानकारी जुटा रहे हैं। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई दूसरी तकनीकी खराबी थी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार