Bihar Teacher Transfer: बिहार में शिक्षकों के तबादले पर फिर ब्रेक, 21 हजार की उम्मीद अटकी,अब इस दिन खुलेगा खुलेगा रास्ता

Bihar Teacher Transfer: बिहार में सरकारी शिक्षकों के सामान्य और ऐच्छिक तबादले का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है। ..

बिहार में शिक्षकों के तबादले पर फिर ब्रेक- फोटो : social Media

Bihar Teacher Transfer:  बिहार में सरकारी शिक्षकों के सामान्य और ऐच्छिक तबादले का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण नीति के तीसरे चरण का कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया है। उप सचिव अजय सतीश भेंगरा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक अब संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन 1 अक्टूबर को होगा। इसके बाद शिक्षक 4 से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन और स्कूलों का विकल्प चुन सकेंगे।

पहले और दूसरे चरण यानी सरप्लस एवं पारस्परिक स्थानांतरण के बाद तबादला प्रक्रिया को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक करीब 73 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया था, जिनमें लगभग 52 हजार का तबादला हो चुका है। करीब 21 हजार शिक्षक अब भी अपने स्थानांतरण के इंतजार में जिला शिक्षा कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। दूर-दराज, दियारा और पहाड़ी इलाकों में वर्षों से तैनात शिक्षकों की परेशानी खास तौर पर बनी हुई है।

नए कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर से 18 नवंबर तक स्थापना समितियां स्थानांतरण सूची के प्रकाशन, तबादले और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी करेंगी। विभाग ने शेड्यूल में बदलाव के पीछे बाढ़, प्राकृतिक आपदा और तकनीकी-व्यवहारिक कठिनाइयों को वजह बताया है।

शिक्षक संगठनों और प्रभावित शिक्षकों के बीच यह चिंता भी है कि यदि किसी का स्थानांतरण निरस्त होता है तो मौजूदा नियमों के चलते उसे दोबारा मौका मिलने में लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शिक्षकों को गृह कैडर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।अब तीसरे चरण में पारदर्शी आवंटन, तय प्राथमिकताओं और रिक्त पदों की सही जानकारी पर निगाह रहेगी। शिक्षकों की नजर 1 अक्टूबर को जारी होने वाली संशोधित रिक्तियों पर टिकी है।