Bihar Teachers Salary: छठ से पहले बिहार के शिक्षकों की बल्ले-बल्ले! शिक्षा मंत्री का बड़ा फरमान, सभी बकाया वेतन के भुगतान का विभाग को दिया अल्टीमेटम, सीके अनिल को अहम जिम्मेवारी

Bihar Teachers Salary: छठ महापर्व से पहले राज्य के सभी पात्र शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

छठ से पहले बिहार के शिक्षकों की बल्ले-बल्ले!- फोटो : X

Bihar Teachers Salary: बिहार के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। छठ महापर्व से पहले राज्य के सभी पात्र शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में साफ शब्दों में कहा कि किसी भी कर्मचारी का वेतन बेवजह लंबित नहीं रहना चाहिए। छठ जैसे बड़े पर्व से पहले बकाया राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

लंबित वेतन भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा विभाग ने राज्यभर में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन भुगतान की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंत्री को जानकारी दी कि अधिकांश कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया जा चुका है। हालांकि, कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन अभी भी बकाया है। इस पर मंत्री ने शेष भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।

वेतन भुगतान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। भुगतान में अनावश्यक देरी से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर छठ महापर्व से पहले किसी कर्मचारी का वेतन अटका रहना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को इस काम में पूरी गंभीरता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी।

अपर मुख्य सचिव को भी मिली जिम्मेदारी

शिक्षा मंत्री ने विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल को संबंधित अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित भुगतान जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही वेतन भुगतान की व्यवस्था नियमित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में कर्मचारियों को अपने मेहनताने के लिए इंतजार नहीं करना पड़े। शिक्षा विभाग के इस निर्देश से बकाया वेतन का इंतजार कर रहे शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को छठ से पहले बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।