Bihar IAS News: बिहार को मिले 11 नए यंग IAS! इन राज्यों के अधिकारी संभालेंगे बिहार का प्रशासन, इस दिन करेंगे ज्वाइन
Bihar IAS News: बिहार में लंबे समय से आईएएस अधिकारियों की कमी थी। इसी बीच जानकारी मिल रही है कि बिहार को 11 नए यंग IAS अधिकारी मिलेंगे। ये अधिकारी 17 अप्रैल को ज्वाइन करेंगे। इससे अफसरों की कमी काफी हद तक दूर होगी
Bihar IAS News: बिहार को अप्रैल महीने में 11 नए यंग आईएएस अधिकारी मिलने जा रहे हैं। इनके आने के राज्य की प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। माना जा रहा है कि प्रदेश में लंबे समय से चल रही आईएएस अधिकारियों की कमी अब दूर हो सकती है। जानकारी अनुसार अप्रैल महीने में 2025 बैच के 11 नए युवा आईएएस (ट्रेनी) अधिकारियों की तैनाती होने जा रही है, जिससे काम के दबाव से जूझ रहे अफसरों को राहत मिलेगी और सरकारी कार्यों की गति तेज होगी।
मसूरी में प्रशिक्षण ले रहे अधिकारी
ये सभी अधिकारी फिलहाल मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें बिहार के 4, राजस्थान के 2 और झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली व उत्तर प्रदेश के 1-1 अधिकारी शामिल हैं।
17 अप्रैल को जॉइन करेंगे सभी अधिकारी
राज्य सरकार के अनुसार, सभी 11 अधिकारी 17 अप्रैल को बिहार में योगदान देंगे। इसके बाद इन्हें अलग-अलग जिलों में भेजा जाएगा। जहां ये जिलाधिकारी (DM) के अधीन काम करते हुए प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगे। इनका कार्यक्षेत्र ब्लॉक स्तर से लेकर कलेक्ट्रेट तक रहेगा। शुरुआती चरण में ये अधिकारी सहायक जिलाधिकारी (Assistant DM) के रूप में काम करेंगे। इस दौरान वे डीएम के साथ रहकर प्रशासनिक प्रक्रिया, फाइल निपटान, जनसुनवाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की बारीकियां सीखेंगे।
बिहार के बाद दिल्ली जाएंगे सभी अधिकारी
साथ ही ब्लॉक स्तर पर बीडीओ, सीओ और अनुमंडल स्तर पर एसडीओ के कार्यों की भी ट्रेनिंग लेंगे। इसके बाद इन्हें दिल्ली में असिस्टेंट सेक्रेटरी के रूप में तैनात किया जाएगा, जहां वे केंद्रीय स्तर पर प्रशासनिक अनुभव प्राप्त करेंगे। अगले वर्ष अप्रैल में इन्हें पुनः मसूरी स्थित अकादमी में उन्नत प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
11 अधिकारियों के नाम
नए बैच में राज कृष्ण झा, सौरभ सिन्हा, फरखंदा कुरैशी, कुमुद मिश्रा, केतन शुक्ला, कल्पना रावत, निलेश गोयल, प्रिंस राज, अमित मीणा, दीपक कुमार और अंकुर त्रिपाठी जैसे अधिकारी शामिल हैं। इनमें से कुछ ने इंजीनियरिंग, तो कुछ ने राजनीति शास्त्र और अन्य विषयों में पढ़ाई की है। फरखंदा कुरैशी ने अपने जिले की पहली मुस्लिम महिला आईएएस बनकर खास पहचान बनाई है। वहीं बिहार से ताल्लुक रखने वाले 4 अधिकारी राज कृष्ण झा, कुमुद मिश्रा, प्रिंस राज और दीपक कुमार हैं।
राज्य में IAS पदों की स्थिति
बिहार में आईएएस अधिकारियों के कुल 359 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 29 अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर हैं, जबकि वर्तमान में केवल 280 पदों पर ही अधिकारी कार्यरत हैं। नए 11 अधिकारियों के आने के बाद यह संख्या बढ़कर 291 हो जाएगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।