Patna Blackout: बिहार में 15 मिनट छा जाएगा अंधेरा,पटना समेत 6 जिलों में आज ब्लैकआउट, बजेगा खतरे का सायरन, घबराएं नहीं लोग
Patna Blackout: बिहार में संभावित आपदा और युद्ध जैसे हालात से निपटने के लिए गुरुवार को राजधानी पटना समेत छह जिलों में विशेष मॉकड्रिल और ब्लैकआउट का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।...
Patna Blackout: बिहार में संभावित आपदा और युद्ध जैसे हालात से निपटने के लिए गुरुवार को राजधानी पटना समेत छह जिलों में विशेष मॉकड्रिल और ब्लैकआउट का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। शाम सात बजे से 7:15 बजे तक पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जिले में पूर्ण अंधेरा रहेगा। इस दौरान खतरे का सायरन बजते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी और परिवहन व्यवस्था भी कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार यह पूर्वाभ्यास आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने और सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती जांचने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इससे पहले भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सात मई को इसी तरह का अभ्यास कराया गया था।
मॉकड्रिल के दौरान एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अस्पताल जैसी आकस्मिक सेवाओं से जुड़ी जगहों पर भी ब्लैकआउट रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ अभ्यास को सफल बनाने का निर्देश दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल और नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सायरन व्यवस्था दुरुस्त रहे और जरूरत पड़ने पर फायर ब्रिगेड व थानों के साउंड सिस्टम का उपयोग किया जाए।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं और पूरी तरह सहयोग करें। अपार्टमेंट में जेनरेटर नहीं चलाने, मोबाइल फ्लैश, टॉर्च या किसी भी रोशनी का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियमित पूर्वाभ्यास से आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ती है और किसी भी संकट की स्थिति में जनहानि को कम किया जा सकता है।