Bihar Toll Tax: बिहार के हाईवे पर अभी नहीं लगेगा टोल, सरकार ने बताई देरी की वजह

Bihar Toll Tax: बिहार में राज्य उच्च पथों पर टोल टैक्स की वसूली नवंबर 2026 से पहले शुरू होने की संभावना कम है। सरकार फिलहाल वाहनों की संख्या का सर्वे करा रही है, जिसके आधार पर टोल की दरें और एजेंसी तय की जाएगी।

Bihar Toll Tax: बिहार में इस साल नवंबर से पहले राज्य उच्च पथों पर टोल टैक्स की वसूली शुरू होने की संभावना कम दिखाई दे रही है। पथ निर्माण विभाग फिलहाल यह पता लगाने में जुटा है कि एक महीने के दौरान किस राज्य उच्च पथ से कितनी गाड़ियां गुजरती हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सड़कों पर वाहनों की संख्या जानने के लिए अगले दो महीने तक सर्वे किया जाएगा। इसके लिए बिहार के अलग-अलग राज्य उच्च पथों के दोनों सिरों पर विशेष कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे वहां से गुजरने वाली सभी गाड़ियों की सही संख्या दर्ज कर रहे हैं। सर्वे पूरा होने के बाद जो रिपोर्ट तैयार होगी, उसी के आधार पर संबंधित सड़क के लिए टेंडर जारी किया जाएगा और टोल टैक्स वसूलने वाली एजेंसी का चयन किया जाएगा।

पथ निर्माण विभाग की नई टोल नीति

पथ निर्माण विभाग की नई टोल नीति में सबसे महत्वपूर्ण आधार एनुअल पोटेंशियल कलेक्शन को माना गया है। इसके तहत यह आकलन किया जाएगा कि किसी राज्य उच्च पथ पर एक महीने में औसतन कितनी गाड़ियां चलती हैं। जब सरकार को यह पता चल जाएगा कि टोल से सालभर में कितनी कमाई हो सकती है, तब उसमें टोल वसूली करने वाली एजेंसी का खर्च और सड़क के रखरखाव का खर्च भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद एक अंतिम आधार मूल्य तय किया जाएगा और उसी के अनुसार टेंडर जारी होगा।

टोल टैक्स को लेकर क्या नया अपडेट

नई टोल नीति में यह भी माना गया है कि किसी भी राज्य उच्च पथ पर चलने वाले वाहनों की संख्या हर साल लगभग 5 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। इसलिए टोल एजेंसी तय करते समय इस अनुमान को भी ध्यान में रखा जाएगा। इसके साथ ही जिन वाहनों को टोल टैक्स से छूट मिलेगी, उनकी संख्या भी इस गणना में शामिल की जाएगी ताकि किसी तरह की कोई परेशानी या भ्रम न हो। टोल टैक्स पूरी तरह लागू होने से पहले सरकार इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगी। इसके बाद ही लोगों को यह जानकारी दी जाएगी कि किस सड़क पर कितना टोल टैक्स देना होगा। फिलहाल इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि अधिकतम 20 किलोमीटर की दूरी तक ही टोल टैक्स लागू किया जाए।