Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर, 43 डिग्री पार पहुंचा तापमान, इन जिलों में बरसेंगे बदरा

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

भीषण गर्मी का कहर - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार में मौसम का कहर जारी है। पटना सहित कई जिलों में लोगों का हाल गर्मी से बेहाल है। वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज यानी मंगलवार का दिन भी उमस भरा रहेगा। मौसम विभाग (IMD) पटना के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। 

दक्षिण बिहार में गर्मी का कहर 

वहीं, हवा की रफ्तार 10 से 35 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव भी किया है। आईएमडी के अनुसार दक्षिण बिहार के जिलों में गर्मी का प्रकोप सबसे अधिक है। गया और रोहतास (देहरी) में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। पटना में भी पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

उत्तर बिहार में थोड़ी राहत 

इसके विपरीत उत्तर बिहार के जिलों में थोड़ी राहत है। पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सुपौल और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो मधुबनी और गया में 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहीं, पटना समेत कई शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 150 से 220 के बीच, यानी मध्यम से खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।

इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

21 अप्रैल को राज्य में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सीमांचल के किशनगंज, अररिया और सुपौल जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी

दक्षिण और मध्य बिहार के गया, नवादा, औरंगाबाद और पटना में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक चल रहा है। रोहतास (देहरी) में हाल के दिनों में तापमान 41.8 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की अपील की है। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव के लिए छाता या टोपी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।