Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी, 7 डिग्री तक पहुंचा तापमान, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार में अब कड़ाके की ठंड बढ़ने लगी है। कई जिलों में तापमान 7 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सर्तक रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है।

7 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान - फोटो : Meta AI

Bihar Weather:  बिहार में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। धूप में अब नरमी बनी हुई है। पछुआ हवा के असर से दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.4°C तक पहुंच गया है, वहीं दिन का तापमान भी 27°C के आसपास सिमट गया है। कोहरे का असर बढ़ने से कई जिलों में सुबह-सवेरे दृश्यता प्रभावित होने लगी है। मौसम के इस बदले तेवर ने दिसंबर की शुरुआत में ही आमलोगों को ठंड का तीखा असर महसूस कराना शुरू कर दिया है।

कई जिलों में कोहरे की मार

मंगलवार सुबह राज्य के कई जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। पूर्णिया में दृश्यता घटकर सिर्फ 500 मीटर रह गई। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका, पटना, औरंगाबाद, लखीसराय, सासाराम और कैमूर में सुबह व रात के समय हल्के से मध्यम कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।

दिन का तापमान लगातार नीचे

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार पूरी तरह सर्द मौसम की गिरफ्त में आ गया है। पिछले 24 घंटों में शेखपुरा में अधिकतम तापमान 27.1°C दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में यह 24°C से 26°C के बीच रहा। बादल छाए रहने के कारण मुजफ्फरपुर, पटना, वैशाली, छपरा, दरभंगा और भागलपुर में भी दिन का तापमान गिरावट पर है। बुधवार को अधिकतम तापमान 24°C से 28°C के बीच रहने की संभावना है। सबसे कम न्यूनतम तापमान पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में 7.8°C रिकॉर्ड किया गया। 

6 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे 

उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी और सहरसा में पारा 8°C से 12°C के बीच रहा, जबकि दक्षिण बिहार के गया, नवादा और औरंगाबाद में भी ठंड का असर बढ़ा है। राज्य के छह जिलों में रात का तापमान 10°C से नीचे पहुंच चुका है। पछुआ हवा और बादलों की मौजूदगी रातें और ज्यादा सर्द बना रही हैं। आज रात तापमान 9°C से 14°C के बीच रह सकता है, जबकि सर्द हवाएं 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है।

दिसंबर में शीतलहर की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर माह में राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति सामान्य रहेगी। उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है, जबकि बाकी क्षेत्रों में यह सामान्य स्तर पर बना रहेगा। दिसंबर में बिहार का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12°C के बीच माना जाता है।