Bihar News: मोकामा में राजेंद्र सेतु के नीचे मिला संदिग्ध शव, इलाके में फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News: पटना से सटे मोकामा से पुलिस ने अज्ञात शव को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र सेतु के नीचे संदिग्ध हालात में शव पड़ा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

शव
पुलिस ने अज्ञात शव किया बरामद - फोटो : reporter

Bihar News: पटना जिले के मोकामा में राजेंद्र सेतु के नीचे एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद हाथीदाह पुलिस स्टेशन के थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो पाया कि शव राजेंद्र सेतु के ठीक नीचे पिलर संख्या-2 के पास पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बैरिकेड कर दिया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

अज्ञात शव बरामद 

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। मृतक ने काले रंग का ट्राउजर, ब्लू-ब्लैक रंग की टी-शर्ट और पैरों में सेफ्टी शू पहन रखा है। इसके आधार पर पुलिस को आशंका है कि मृतक आसपास चल रहे किसी निर्माण कार्य से जुड़ा मजदूर हो सकता है।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस यह भी संभावना जता रही है कि मृतक रेल ट्रैक या किसी ट्रेन से गिरा हो सकता है। हालांकि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिलने से मामला पेचीदा हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट