Bihar Weather: दिन में कड़कड़ाती धूप तो रात में कपकपाती ठंड, बिहार में मौसम ने किया लोगों को कन्फ्यूज, अब IMD ने जारी की भयंकर बारिश की अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के मौसम ने लोगों को परेशान कर दिया है। दिन में कड़कड़ाती धूप निकल रही है तो वहीं रात में कपकपाती ठंड का एहसास हो रहा है।

बारिश
IMD heavy rain alert- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने लोगों को  कन्फ्यूज कर दिया है। दिन में कड़कड़ाती धूप से भीषण गर्मी महसूस हो रही है तो वहीं रात में पछुआ हवाओं से कनकनी बढ़ रही है। पटना सहित कई शहरों में सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार यानी आज से अगले दो दिनों तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान विभाग ने नाविकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। हालांकि, दो दिन बाद हवा की गति धीमी हो जाएगी, जिससे न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। ठंडी हवाओं के प्रभाव से सुबह के समय ठंडक बढ़ गई है, लेकिन अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

तापमान का अनुमान

अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 8 और 9 मार्च को पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हाल के दिनों में पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि नहीं हुई है।

मार्च के अंत में भीषण गर्मी का अनुमान

इस महीने के अंत तक बिहार में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पछुआ हवा के तेज प्रवाह से दक्षिण-पश्चिम बिहार के चार जिलों में असामान्य रूप से तापमान बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन होली के बाद इसमें 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और आसपास के जिलों में महीने के अंत तक गर्मी अधिक महसूस होगी। मौसम विभाग की मानें तो मार्च के मध्य से तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी, जिससे पूरे राज्य में गर्मी बढ़ेगी। पटना समेत कई जिलों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मार्च के अंत तक हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

पछुआ हवा से मौसम शुष्क

8 मार्च को पूर्वी बिहार के किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, बांका और जमुई में ठनका गिरने की आशंका है, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है। इसको लेकर imd ने अलर्ट जारी किया है। वहीं, पछुआ हवा के तेज प्रवाह के कारण बुधवार को अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार तक कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक था, लेकिन बुधवार को केवल छपरा में यह सीमा पार हुई, जबकि शेष बिहार में तापमान 30 डिग्री से नीचे चला गया।

आगामी तापमान परिवर्तन

अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। बुधवार को अनुमंडल क्षेत्र समेत जिले में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज पछुआ हवा चलने से मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। लगातार बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है और मौसमी बीमारियां बढ़ने लगी हैं।

Editor's Picks