Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर, 40 डिग्री पार हुआ तापमान, 26 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी
Bihar Weather: बिहार में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। भीषण गर्मी के कारण दिन और रात का समय एक सामान लग रहा है। दोपहर में लोग घरों के बाहर निकलने से बच रहे हैं।
Bihar Weather: बिहार में भीषम गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मानसून की दस्तक से पहले गर्मी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। राज्यभर में बारिश का दौर थम चुका है और मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। रविवार से ही तेज धूप और लू जैसे हालात ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी पटना सहित कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 10 जून की रात तक यही स्थिति बनी रह सकती है। सोमवार और मंगलवार के लिए राज्य के 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग का कहना है कि उच्च आर्द्रता के कारण महसूस की जाने वाली गर्मी वास्तविक तापमान से ज्यादा असर डालेगी।
इन जिलों में हॉट-डे की चेतावनी
9 जून को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय और गया जिलों में 'हॉट डे' की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई और खगड़िया में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
तापमान में होगी और बढ़ोतरी
IMD की मानें तो, अगले 2-3 दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को डिहरी और गोपालगंज में सर्वाधिक तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औरंगाबाद में 40.5 डिग्री, भोजपुर में 40.4 डिग्री, गया और बिक्रमगंज में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। पटना का तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और उमस के कारण इन क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
10 जून की रात से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने बताया कि 10 जून की देर रात से मौसम में बदलाव की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की स्थिति बन रही है, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। बिहार में फिलहाल मानसून की एंट्री नहीं हुई है। मानसून की एंट्री के साथ ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।