Bihar Weather: बिहार में मौसम का पलटवार! जमुई-नवादा में भारी बारिश का अलर्ट, 13 जिलों में आंधी-वज्रपात की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है।...

बिहार में मौसम का पलटवार! - फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने 17 सितंबर को जमुई और नवादा जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम के इस मिजाज से आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। खासकर ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करने वाले किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है।

विभाग ने साफ तौर पर अपील की है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे तथा तालाब, नदी या अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से परहेज करें। वज्रपात की स्थिति में फौरन किसी पक्के मकान या सुरक्षित स्थान की पनाह लें।

वहीं, 18 सितंबर को भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि पूरे सूबे में मौसम का मिजाज एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ इलाकों में बारिश तेज हो सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्र में होने वाली मौसमी गतिविधियों का असर बिहार के मौसम पर पड़ सकता है। लिहाजा स्थानीय स्तर पर मौसम में अचानक तब्दीली की संभावना को देखते हुए लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।