PM Modi Birthday: तेलघी के मां काली मंदिर में PM मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
PM Modi Birthday: बिहपुर के तेलघी गांव स्थित मां काली मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। मंत्री कुमार शैलेंद्र ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना की।
PM Modi Birthday: भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के तेलघी गांव स्थित मां काली मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमार शैलेंद्र ने मंदिर में दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। इसके साथ ही मां काली के सामने देश की प्रगति, समृद्धि और लोगों के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।
स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में हुए शामिल
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामना की गई। कार्यक्रम के आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्षों के अवसर पर सम्मान व्यक्त करना था।
सेवा और समर्पण की भावना पर दिया जोर
इस मौके पर मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से सेवा और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्रहित में काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की। मंत्री ने कहा कि देश की प्रगति और जनकल्याण के लिए लगातार काम करने की भावना को आगे बढ़ाने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
नरोत्तम कुमार सिंह की रिपोर्ट